कोटा में निजी बिजली कंपनी केईडीएल के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। शहर के विभिन्न इलाकों से कांग्रेस कार्यकर्ता कोटडी स्थित बिजली कंपनी ऑफिस पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि केईडीएल की ओर से आम उपभोक्ताओं को लगातार गलत और बढ़े हुए बिजली बिल थमाए जा रहे हैं, जिससे जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता विपिन बरथूनिया ने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी जरूरत को मुनाफे का जरिया बना लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केईडीएल न तो उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर निस्तारण कर रहा है और न ही सही बिलिंग व्यवस्था लागू कर रहा है। कई उपभोक्ताओं को बिना मीटर रीडिंग के मनमाने बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम आदमी परेशान है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की और केईडीएल से गलत बिजली बिलों को तुरंत वापस लेने, बिलों में सुधार करने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली कंपनी में प्रदेश के उर्जा मंत्री की बातों को ही नहीं सुना जा रहा है, ऐसे में आम आदमी की बात कंपनी के अधिकारी कहां सुनेंगे। कांग्रेस पहले से बिजली कंपनी का विरोध करती आ रही है। कंपनी मनमानी जब से आई है तब से कर रही है। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता अब ये मनमानी नहीं चलने देंगे। कांग्रेस का यह जन आंदोलन लगातार जारी रहेगा। वहीं बिजली कंपनी के प्रवक्ता अशोक शर्मा ने बताया कि ज्यादा बिलिंग के आरोप गलत है। रीडिंग के बाद ही बिल तैयार होते हैं। जयपुर डिस्कॉम और राजस्थान विद्युत नियामक आयोग के अनुसार ही बिल तैयार होते है।


