मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज (16 दिसंबर) पहला दिन है। कांग्रेस का प्लान विधानसभा के घेराव का है। भोपाल में जवाहर चौक पर कांग्रेस के कार्यकर्ता इकट्ठे होंगे। यहां से रैली के रूप में रंगमहल चौराहा, रोशनपुरा चौराहे से होते हुए विधानसभा की तरफ बढ़ेंगे। इस प्रदर्शन में पूर्व सीएम कमलनाथ, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। पीसीसी चीफ ने सभी जिलों से पार्टी अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और पदाधिकारियों के अलावा ब्लॉक लेवल के कार्यकर्ताओं को भी बुलाया है। कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी पिछले 15 दिन से इस घेराव की तैयारियों में जुटे हुए थे। कांग्रेस ने प्रदेश के सभी मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठकें कराईं। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि 50 हजार कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे। जातिगत जनगणना पर आक्रामक आंदोलन की शुरुआत
कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के पहले से जातिगत जनगणना कराने की मांग कर रहे हैं। राहुल गांधी के इस मुद्दे को लेकर एमपी में अब कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी। आज के विधानसभा घेराव से पीसीसी चीफ इस आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाने का आगाज करेंगे। पुलिस कमिश्नर बोले- 1500 अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे
भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा ने बताया- शहर में आज 1500 जवानों की तैनाती रहेगी। प्रदर्शन कर रहे लोगों को जवाहर चौक पर ही रोका जाएगा। उन्हें वहीं प्रदर्शन की अनुमति दी गई है। किसी ने भी व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास किया, तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। भंवर जितेंद्र सिंह और पवन खेड़ा भी होंगे शामिल
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा भी भोपाल पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी आज दोपहर 12.35 बजे भोपाल पहुंचेंगे। दोपहर 2.30 बजे तक विधानसभा घेराव प्रदर्शन में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 3 बजे से कांग्रेस विधायकों की बैठक में शामिल होंगे। रात 10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। वहीं,पवन खेड़ा भी शाम को दिल्ली रवाना हो जाएंगे।


