अंबिकापुर | फिंगर केवाईसी विफल होने के कारण राशन से वंचित किए गए हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों द्वारा कलेक्टर को दिए गए अल्टीमेटम के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फेस केवाईसी की सुविधा शुरू कर दी है। जिला खाद्य अधिकारी ने नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद को फोन पर जानकारी दी कि तत्काल प्रभाव से फेस केवाईसी लागू कर दी है। इसके बाद वे सभी हितग्राही, जिनका नाम फिंगर केवाईसी नहीं हो पाने के कारण राशन कार्ड सूची से कट गया था, अब फेस केवाईसी कराकर फिर राशन प्राप्त कर सकेंगे। इस निर्णय से विशेष रूप से बुजुर्गों, पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों व मेहनतकश श्रमिकों को बड़ी राहत मिलेगी, जिनकी उंगलियों की पहचान मशीनों द्वारा नहीं हो पा रही थी।


