कांग्रेस के पास झूठ के अलावा कोई एजेंडा नहीं: टीटी:कहा- सरकार की योजनाओं से देश तेजी से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास झूठ फैलाने के अलावा कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है। टीटी शनिवार को प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हनुमानगढ़ पहुंचे थे और भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। टीटी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह वर्षों तक अयोध्या में राम मंदिर को लेकर सबूत मांगती रही। आज जब भव्य राम मंदिर का निर्माण साकार हो चुका है, तब भी कांग्रेस का रवैया नकारात्मक बना हुआ है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया का भी जिक्र किया। टीटी ने कहा कि कांग्रेस ने बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट कटने का विरोध किया, जो यह दर्शाता है कि कांग्रेस को न राष्ट्र की चिंता है और न ही लोकतंत्र की पवित्रता की। टीटी ने ‘जी-राम-जी’ योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि यह कानून बनकर लागू हो चुकी है, फिर भी कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि फर्जी मस्टरोल की शिकायतों के बाद केंद्र सरकार ने सुधारात्मक कदम उठाए। योजना का नाम छोटा किया गया, जबकि कांग्रेस ने स्वयं पूर्व में भाजपा सरकारों की 11 बड़ी योजनाओं के नाम बदले थे। टीटी ने बजट का भी जिक्र किया, कहा कि पहले जहां बजट सीमित होता था, आज 1 लाख 51 हजार करोड़ रुपए का बजट है। 100 दिनों की जगह 125 दिन रोजगार की गारंटी दी गई है और काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता भी मिलेगा। साथ ही हर छह माह में ऑडिट से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। पूर्व राज्य मंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार की योजनाओं से देश तेजी से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के गौरवशाली इतिहास को राजस्थान के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करने पर मुख्यमंत्री का सर्वसमाज की ओर से आभार भी व्यक्त किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व विधायक गुरदीप शाहपीनी और धर्मेंद्र मोची सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *