‘कांग्रेस के पास भाजपा से मजबूत विचारधारा और संगठन’:विदिशा में पीसीसी चीफ पटवारी बोले- बस इसे व्यवस्थित करने की जरूरत

विदिशा जिले में कांग्रेस पार्टी ने संगठन सृजन अभियान और किसान-मजदूर चौपाल का आयोजन किया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए। उन्होंने ग्राम ठर्र और अहमदपुर में मंडल, ग्राम व वार्ड स्तर पर समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। पटवारी ने घोषणा की कि कांग्रेस 5 जनवरी से 20 जनवरी तक विशेष अभियान चलाकर गांव-गांव जाएगी। इस दौरान संगठन की कमजोरियों को चिह्नित कर उन्हें दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास भाजपा से अधिक मजबूत विचारधारा और संगठन है, जिसे व्यवस्थित करने की आवश्यकता है। कांग्रेस नेतृत्व स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेगा। चौपाल में बेरोजगारी का मुद्दा उठाया
किसान-मजदूर चौपाल में पटवारी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने किसानों की समस्याओं, भावांतर योजना, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर आरोप लगाए। पटवारी ने कहा कि किसानों और मजदूरों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और कांग्रेस उनकी आवाज बनकर हर मंच पर संघर्ष करेगी। लाडली बहन योजना पर सवाल उठाते हुए पटवारी ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को केवल 1500 रुपए तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसके बजाय, उन्हें स्थायी स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। निगमों में फैला भ्रष्टाचार मौत की वजह
इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के लिए पटवारी ने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि नगरपालिकाओं और नगर निगमों में फैला भ्रष्टाचार इसकी बड़ी वजह है। पटवारी ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा पत्रकारों से किए गए व्यवहार की भी निंदा की। पटवारी ने भाजपा पर 50 प्रतिशत से अधिक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नए भारत’ की सच्चाई बताया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *