कांग्रेस के पूर्व विधायक बोले- हमे भी बोलना होगा झूठ:कहा- गांधीवादी तरीके से कब तक चलेंगे, कांग्रेस जिलाध्यक्षों का पदभार ग्रहण

कोटा में नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्षों का पदभार ग्रहण समारोह गुरुवार को आयोजित किया गया। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष राखी गौत्तम ने पहली बार ये पदभार संभाला है तो वहीं कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष भानुप्रताप ने दूसरी बार ये पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में अंता से हाल में ही उपचुनाव जीते प्रमोद जैन भाया, अशोक चांदना, चेतन पटेल,छबड़ा से पूर्व विधायक करण सिंह समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संबोधित करते हुए करण सिंह ने बीजेपी नेताओं पर जमकर कटाक्ष किया। यही नहीं, आरएसएस पर भी निशाना साधा और यहां तक कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को भी मजबूत करना होगा, हमारे बच्चे कहीं शाखा में न जाने लगे और लाठियां न घुमाने लगे। नहीं तो यह नासूर बन जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने आज कांग्रेस के नेताओं के लिए झूठे प्रचार कर उनको बदनाम करने का काम किया है। जनता से बीजेपी के नेताओं ने झूठ बोला है। बीजेपी एक विचारधारा पर काम कर रही है देश को बांटने का काम कर रही है। अगर देश को बचाना है तो कांग्रेस को भी अपनी विचार धारा को मजबूत करना होगा। उनकी तरह हमे भी झूठ बोलना पड़ेगा, कब तक गांधी जी के सिद्धांत पर चलेंगे। उन्होंने कहा कि अपनी विचारधारा को मजबूत करना पडे़गा, जिस तरह मोदी सोशल मीडिया पर झूठ फैला रहे हैं, हमे भी उस रास्ते पर चलना होगा। मंच के जरिये कार्यकर्ताओं को साधने की कोशिश
कार्यक्रम में दोनों जिलाध्यक्षों ने यह मैसेज देने की कोशिश की कि गुटबाजी नजर न आए और सभी कार्यकर्ता एकजुट नजर आए। इसके लिए मंच पर तीस से ज्यादा कुर्सियां लगाई गई थी। मंच पर आगे की ओर दिग्गज नेताओं के बैठने की व्यवस्था की गई। उनके बिल्कुल पीछे कांग्रेस के सभी अग्रिम संगठनों के अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई थी। मंच पर इनको बैठाकर सम्मान देकर यह बताने की कोशिश की गई कि नए जिलाध्यक्ष सबको साथ लेकर चलेंगे। हालांकि गुटबाजी फिर भी सामने आई। नहीं पहुंचे प्रहलाद गुंजल, धारीवाल जयपुर में
कार्यक्रम में प्रहलाद गुंजल, शांति धारीवाल को भी आमंत्रित किया गया था। लेकिन वे नहीं पहुंचे। ऐसे में माना जा रहा है कि जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद से ही गुटबाजी फिर शुरू हो गई। हाल में ही राखी गौत्तम ने प्रहलाद गुंजल से मुलाकात भी की थी। लेकिन उनका कार्यक्रम में न आना चर्चा का विषय बना रहा। इधर, शांति धारीवाल भी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। राखी गौत्तम के अनुसार वे पारिवारिक कारणों के चलते जयपुर में थे, इस वजह से नहीं आ सके। लेकिन उनसे कॉल पर बात हो गई थी। उनके बेटे अमित धारीवाल कार्यक्रम में पहुंचे थे। कोई गुटबाजी नहीं है लेकिन चुनौतियां बहुत
राखी गौतम ने कहा कि पार्टी में सभी एक जुट है और एक साथ काम कर रहे है। पदभार ग्रहण कार्यक्रम में भी सभी नेता कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं में बहुत जोश है। वहीं भानुप्रताप ने कहा कि आने वाले समय में चुनौतियां बहुत है लेकिन सभी मिलकर इन चुनौतियों से पार पाएंगे। आने वाले निकाय और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस की जीत होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *