कांग्रेस जिलाध्यक्ष चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में, रायशुमारी पूरी, इस माह हो सकती है घोषणा

भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। पीरटांड़ को छोड़कर जिलेभर में रायशुमारी का काम पूरा कर लिया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पांच से सात नाम संभावित प्रत्याशियों के रूप में सामने आए हैं, जिनमें अल्पसंख्यक समुदाय से किसी का नाम नहीं है। संभावना जताई जा रही है कि इसी माह नए जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। राज्य के एआईसीसी पर्यवेक्षक इमरान खेड़ावाला और प्रदेश प्रभारी रवींद्र झा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रखंड कमेटियों के साथ बैठकें कर संभावित अध्यक्ष पद के दावेदारों की योग्यता और संगठनात्मक क्षमताओं की जानकारी ली। उनसे यह भी पूछा गया कि किस आधार पर वे अपने पसंदीदा उम्मीदवार को जिला की जिम्मेदारी सौंपना चाहते हैं। कांग्रेस से जनता से दूरी पर हुआ मंथन, कार्यकर्ताओं ने खोली पार्टी की कमजोर कड़ी बैठक के दौरान खेड़ावाला ने यह जानने की कोशिश भी की कि आखिर जनता से कांग्रेस की दूरी क्यों बढ़ी। इस पर कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे संगठन के लिए मेहनत करते हैं, लेकिन जब विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी खुद उम्मीदवार नहीं देती, तो उनका उत्साह टूट जाता है। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस को फिर से मजबूत करना है तो चुनावों में पार्टी को अपने उम्मीदवार उतारने चाहिए। खेड़ावाला ने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं की बातों को राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि झामुमो के साथ गठबंधन से कांग्रेस को कोई संगठनात्मक नुकसान नहीं हुआ है, बल्कि यह गठबंधन ज़मीन पर मजबूत साबित हो रहा है। प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी, हाईकमान को भेजी जाएगी रिपोर्ट शुक्रवार को नया परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में खेड़ावाला ने रायशुमारी से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि गिरिडीह जिला कांग्रेस की पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है, जिसे जल्द ही राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपा जाएगा। इसके बाद जिला अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी रवींद्र झा, पिछड़ा आयोग के सदस्य नरेश प्रसाद वर्मा, जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया, प्रदेश सचिव अजय सिन्हा मंटू, संतोष सिंह, नरेश पाठक, अशोक विश्वकर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *