राजगढ़ जिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह के करीबी माने जाने वाले फूलसिंह गुर्जर के भाजपा में शामिल होने के बाद माचलपुर क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया। मंगलवार रात नगर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीजे की धुन पर जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर खुशी मनाई। जश्न का जुलूस पोलखेड़ा चौराहे से शुरू हुआ, जो देर रात तक नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए जुलूस निकाला, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। भोपाल में प्रदेशाध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता फूलसिंह गुर्जर को भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई। उनके पार्टी में शामिल होने की खबर मिलते ही क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर खुशी का इजहार किया। समर्थकों का कहना है कि फूलसिंह गुर्जर के भाजपा में आने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी को मजबूती मिलेगी। मंगलवार रात खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी ने जीरापुर स्थित अपने निवास पर फूलसिंह गुर्जर का स्वागत किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कांग्रेस में रहे प्रभावशाली, कई पदों पर निभा चुके भूमिका माचलपुर के समीप ग्राम लिम्बोदा निवासी फूलसिंह गुर्जर लंबे समय तक कांग्रेस में प्रभावशाली भूमिका में रहे हैं। वे जनपद पंचायत उपाध्यक्ष और कृषि उपज मंडी माचलपुर के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। गुर्जर समाज में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। कांग्रेस के गढ़ में भाजपा को बड़ी मजबूती राजनीतिक रूप से कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में फूलसिंह गुर्जर का भाजपा में शामिल होना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका और भाजपा के लिए अहम राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।


