भास्कर संवाददाता | सीकर जिले में वोटर्स लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद विवाद खड़ा हो गया है। जिला कांग्रेस ने भाजपा और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर के नाम पर जिंदा लोगों को मृत घोषित कर वोटर लिस्ट से नाम हटाए जा रहे हैं। इसको लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला और निवर्तमान सभापति जीवण खां के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। ज्ञापन में बताया गया कि अभियान के दौरान क्षेत्र और समाज विशेष के लोगों को जानबूझकर टारगेट किया जा रहा है। सभी जरूरी दस्तावेज देने के बावजूद कई मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए, जबकि नए योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में भी बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते गड़बड़ियों को ठीक नहीं किया गया तो पार्टी पीड़ित मतदाताओं के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला, जगदीश दानोदिया, पूर्व सभापति जीवण खां, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी, सेवादल जिलाध्यक्ष रविकांत तिवाड़ी, पार्षद पप्पू पहलवान, एड हरीश मिश्रा, एड वीरेन्द्र वर्मा, पार्षद अबरार रंगरेज, अकरम खत्री, आबिद जाटू, रामावतार कुमावत, रामकुमार गुर्जर आदि मौजूद थे।


