कांग्रेस ने नकली खाद, अस्पताल अग्निकांड पर प्रशासन को घेरा:कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए, खाद की कालाबाजारी का भी आरोप

राजगढ़ जिले में नकली खाद की आपूर्ति, जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यह आरोप लगाए। इस दौरान पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी और बापूसिंह तंवर भी मौजूद रहे। प्रियव्रत सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास जिले में किसानों को नकली और अमानक खाद बेचे जाने के पुख्ता सबूत हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में ब्यावरा से कोरोमंडल कंपनी का एनपीके खाद जब्त किया गया था, जिसमें किसानों ने रेत मिलने की शिकायत की थी। बाद में लैब जांच में भी खाद की गुणवत्ता खराब पाई गई। उन्होंने कहा कि यह नकली खाद कई किसानों तक पहुंच चुकी है, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई केवल एक ही जगह तक सीमित रखी है। इससे साफ है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी ने बताया कि जांच रिपोर्ट में एनपीके खाद में नमी और जरूरी पोषक तत्व जैसे नाइट्रोजन और यूरिया की मात्रा मानक से कम पाई गई, जबकि उसमें रेत की मात्रा ज्यादा थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि विभाग के कुछ अधिकारी खाद कंपनियों से मिलीभगत कर ऐसी दुकानों को चलने दे रहे हैं, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। कांग्रेस ने मांग की है कि कोरोमंडल कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाए, पूरा खाद स्टॉक सील किया जाए, जिम्मेदार लोगों पर एफआईआर दर्ज हो और जिन किसानों को नकली खाद मिली है उनका कर्ज माफ कर उन्हें नुकसान की भरपाई दी जाए। प्रेस वार्ता में जिले की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। प्रियव्रत सिंह ने कहा कि सराफा बाजार में हुई डकैती के बाद व्यापारी डरे हुए हैं। आरोपियों का अब तक पकड़े न जाना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सिर्फ इनाम घोषित करना काफी नहीं है, पुलिस को तुरंत और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इसके अलावा जिला अस्पताल के स्टोर रूम में लगी आग को लेकर भी कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए। प्रियव्रत सिंह ने कहा कि अस्पताल में भ्रष्टाचार खुलेआम हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आग की घटना के बाद किसी विशेषज्ञ समिति से जांच कराए बिना केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामले को दबाने की कोशिश की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *