कांग्रेस ने मतदाता पुनरीक्षण में अनियमितताओं का आरोप लगाया:एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की, जताया आक्रोश

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्यावर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। कमेटी ने उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राजस्थान में मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया जारी है। प्रारूप मतदाता सूची 12 दिसंबर 2025 को प्रकाशित की गई थी, और दावे व आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2026 निर्धारित थी। ज्ञापन में इलेक्ट्रॉल मैनुअल 2023 के पैरा 11.3.2 (2) का हवाला दिया गया। इसके अनुसार, बल्क में आवेदन स्वीकार नहीं किए जा सकते। एक व्यक्तिगत मतदाता केवल एक ही फॉर्म प्रस्तुत कर सकता है, जबकि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 प्रतिदिन अधिकतम 10 फॉर्म ही जमा करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक फॉर्म में मतदाता की संपूर्ण जानकारी, मोबाइल नंबर, साक्ष्य और अंडरटेकिंग संलग्न होना अनिवार्य है। कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि एसडीएम कार्यालय में नियमों के विरुद्ध एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं ने एक ही दिन में सैकड़ों से हजारों की संख्या में फॉर्म-6 और फॉर्म-7 जमा कराए हैं। यह निर्वाचन आयोग के निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। ज्ञापन में मांग की गई है कि ऐसे सभी नियमविरुद्ध आवेदनों पर कोई संज्ञान न लिया जाए। साथ ही, जमा किए गए फॉर्म-6, 7 और 8 की संकलित सूची कांग्रेस पार्टी को नियमानुसार उपलब्ध कराई जाए। कांग्रेस ने नियमों के विरुद्ध आवेदन प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू करने की भी मांग की। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक रांका, कांग्रेस प्रत्याशी पारस पंच, प्रदेश सचिव कल्पना भटनागर, सेवादल सचिव सोहन मेवाड़ा, महिला प्रदेश सचिव सुलक्षणा शर्मा और सेवादल जिलाध्यक्ष विक्रम सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *