िजला कांग्रेस ने रविवार को मोरहाबादी मैदान में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया। इसमें पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने झारखंड के एनडीए सांसदों को सदबुद्धि आने के लिए प्रार्थना की। कहा- इन्हें इनके कर्तव्य का बोध हो। राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता की अपेक्षाओं का आभास हो। सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश किरण महतो ने की। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की अनदेखी कर रही है। झारखंड सरकार को उसका वाजिब अधिकार देने में भी आनाकानी कर रही है। राज्य सरकार केंद्र सरकार से लगातार अपना अधिकार मांग रही है, लेकिन न कोयला की रॉयल्टी का बकाया 1.36 करोड़ रुपए रही है और न ही पीएम आवास, मनरेगा जैसी केंद्र प्रायोजित योजनाओं की राशि दे रही है। यह झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार है। कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन के दल इस मुद्दे पर अब चुप नहीं बैठेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रवींद्र झा, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष केदार पासवान, मीडिया विभाग के अध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी, सुनील उरांव, राजीव रंजन राजू, अर्चना मिश्रा, रश्मि पिंगुआ, एतवा उरांव, मिथिलेश तिवारी व विनोद सिंह आदि शामिल थे। आंबेडकर मामले में प्रमंडलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस रांची | गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहब भीमराव आंबेडकर पर कथित टिप्पणी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज करने के खिलाफ कांग्रेस हर प्रमंडल में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इसके जरिए पार्टी नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करेंगे। इसकी शुरुआत सोमवार से होगी। प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में 24 दिसंबर को सभी जिलों में आयोजित आंबेडकर मार्च की भी जानकारी दी जाएगी। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के मुख्यालय रांची में डॉ. रामेश्वर उरांव, खूंटी में कालीचरण मुंडा, संथाल परगना प्रमंडल के दुमका में प्रदीप यादव, देवघर में फुरकान अंसारी, कोल्हान प्रमंडल के चाईबासा में डॉ. प्रदीप बलमुचू, जमशेदपुर में सुबोधकांत सहाय, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के धनबाद में राजेश ठाकुर, हजारीबाग में राजीव रंजन प्रसाद, पलामू प्रमंडल के डाल्टनगंज में बंधु तिर्की प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।


