छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिरमिरी में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। जिला अस्पताल का निर्माण चल रहा है। गोंडवाना मरीन फासिल्स पार्क भी बन रहा है। मंत्री ने कहा कि एक तरफ स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। दूसरी ओर पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। समुद्री जीवाश्म के अवशेषों को पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है। शोधार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। जायसवाल ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल को विकास कार्य नहीं दिख रहे हैं। कांग्रेस अपने पिछले कार्यकाल में भ्रष्टाचार में लिप्त थी। अब विष्णु देव साय की सरकार में हो रहे विकास कार्यों में रोड़े अटका रही है। मंत्री ने चिरमिरी के पूर्व महापौर डमरु रेड्डी और कांग्रेस पार्टी एमसीबी के जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के बयानों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व का अभाव है और पदों को लेकर आपसी कलह चल रही है। कोरिया जिले में जैविक शहद उत्पादन को मिली पहचान वहीं,कोरिया जिले में जैविक शहद उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है। जिले की कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को ‘सोन हनी’ शहद की बोतल भेंट की। साथ ही स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए कोरिया मोदक लड्डू और कोरिया आचार भी प्रदान किए। कलेक्टर त्रिपाठी ने बताया कि स्थानीय किसान कृषि विज्ञान केंद्र, बैकुंठपुर के तकनीकी मार्गदर्शन में यह शहद तैयार कर रहे हैं। जिले का वातावरण जैविक शहद उत्पादन के लिए उपयुक्त है। किसानों को मधुमक्खी पालन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे उन्हें आय का एक नया स्रोत मिल रहा है। मधुमक्खी पालन से ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार मधुमक्खी पालन से ग्रामीणों को रोजगार के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक जैविक उत्पाद भी मिल रहे हैं। स्व-सहायता समूह की महिलाएं गर्भवती महिलाओं के लिए पौष्टिक कोरिया मोदक लड्डू बना रही हैं। इन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों और पोषण संगवारी के माध्यम से वितरित किया जा रहा है। इससे गर्भस्थ शिशु को पर्याप्त प्रोटीन और आयरन मिल सके। साथ ही जन्म के समय बच्चे का वजन दो से ढाई किलो सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक रेणुका सिंह को भी सोनहनी शहद, कोरिया मोदक लड्डू और कोरिया आचार भेंट किए गए।


