चिरमिरी | चिरमिरी में कांग्रेस पार्टी के नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव का स्वागत किया गया। दूसरी बार जिला अध्यक्ष बनने के बाद कार्यकर्ताओं ने उन्हें उत्साहपूर्वक फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करेंगे और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कांग्रेस का असली आधार कार्यकर्ता हैं और आने वाले समय में किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर पार्टी सक्रिय भूमिका निभाएगी। श्रीवास्तव ने मनरेगा के नाम बदलने पर विरोध जताते हुए 9 जनवरी को कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने की भी योजना बताई।


