कांग्रेस बोली–बीजेपी की तिरंगा यात्रा ‘फोटो कॉपी’:बैज ने कहा– ये तिरंगा नहीं ट्रंप आभार यात्रा, बृजमोहन बोले– कांग्रेस तिरंगे का सम्मान नहीं जानती

छत्तीसगढ़ में बीजेपी की तिरंगा यात्रा को कांग्रेस ने ‘फोटोकॉपी’ बताया है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी की यात्रा कांग्रेस की तिरंगा यात्रा की नकल की है। उन्होने कहा कि ये तिरंगा यात्रा नहीं बल्कि ट्रम्प आभार यात्रा है। साथ ही, मध्यप्रदेश की मंत्री और डिप्टी सीएम के बयान को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस: “बीजेपी कर रही है कांग्रेस की तिरंगा यात्रा की नकल” कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी की तिरंगा यात्रा पर कहा कि,बीजेपी जो तिरंगा यात्रा निकाल रही है, वह कांग्रेस की नकल कर रही है। कांग्रेस की तिरंगा यात्रा का ये बस फोटोकॉपी है। दीपक बैज ने तिरंगा यात्रा के बहाने बीजेपी पर सेना और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ी बातों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह के सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए बयान ने पूरी बीजेपी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने ये भी पूछा कि,क्या बीजेपी उनके बयानों से सहमत है? क्या पार्टी इन बयानों को समर्थन देती है? “सेना प्रधानमंत्री के चरणों में नतमस्तक”- उपमुख्यमंत्री के बयान पर भी घेरा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के उस बयान पर भी सवाल उठाया जिसमें उन्होंने कहा था कि देश की सेना प्रधानमंत्री के चरणों में नतमस्तक है। बैज ने इस बयान को सेना की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला करार दिया और बीजेपी की तिरंगा यात्रा को ट्रंप की आभार यात्रा बताया है। रायपुर, कांकेर, बिलासपुर और जशपुर में निकली बीजेपी की तिरंगा यात्रा पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाकर बदला लिया। इसलिए बीजेपी ने बुधवार शाम को रायपुर में तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) से जयस्तंभ चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें नेताओं के अलावा सर्व समाज, साधु-संत और सैनिक परिवार भी शामिल हुआ। इसके अलावा कांकेर, बिलासपुर और जशपुर में भी बीजेपी ने तिरंगा यात्रा निकाली है। इसके बाद विधानसभा स्तर पर भी बीजेपी नेता तिरंगा यात्रा निकालेंगे। बीजेपी बोली: “कांग्रेस को तिरंगे का सम्मान करना नहीं आता” इस पूरे विवाद पर बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस को तिरंगे का सम्मान करना नहीं आता।अगर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, तो कांग्रेस को बधाई देनी चाहिए। उन्हें तिरंगे का सम्मान करना चाहिए और देश की सेना का आभार व्यक्त करना चाहिए। बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस से अपील की कि इस यात्रा को राजनीतिक चश्मे से ना देखें और राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान से बचें। कांग्रेस ने भी निकाली थी तिरंगा यात्रा सैनिकों के शौर्य के सम्मान में कांग्रेस ने भी रायपुर में प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली थी। जिसमें पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत समेत कई नेता शामिल हुए थे। ये रैली रायपुर के कालीबाड़ी चौक से जय स्तंभ चौक तक निकाली गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *