बालाघाट में बुधवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. चंदन यादव पहुंचे। उन्होंने यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में एक संगठनात्मक बैठक की, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। मीडिया से बोले-कांग्रेसी एक मुट्ठी की तरह एकजुट हैं बैठक के बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि बालाघाट में संगठन मजबूत है, लेकिन इसे और सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वीकार किया कि संगठनात्मक कमियों के कारण ही पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दो सीटें हार गई थी। इन कमियों को दूर करने और भविष्य में जिले की सभी छह सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भाजपा में गुटबाजी की संभावना जताते हुए कहा कि कांग्रेसी एक मुट्ठी की तरह एकजुट हैं। मोहन यादव सरकार के दो साल के कार्यकाल को ‘बेहाल’ बताया मनरेगा स्कीम में गांधी जी का नाम हटाने के सवाल पर डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा मनरेगा का नाम बदल सकती है, लेकिन महात्मा गांधी को दुनिया भर में याद किया जाता है। उनके नाम को लोगों के दिलों से नहीं मिटाया जा सकता। उन्होंने प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार के दो साल के कार्यकाल को ‘बेहाल’ बताया। डॉ. यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। किसान परेशान हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे आम जनता त्रस्त है।


