भास्कर न्यूज | जांजगीर चांपा पुलिस ने शनिवार की रात विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाया। इस अभियान में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 56 फरार एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। अभियान के दौरान थाना चांपा क्षेत्र में डकैती के मामले में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को भी पुलिस ने धर-दबोचा। पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर फरार वारंटियों पर सख्त दबाव बनाया। थाना जांजगीर से 14, नैला से 2, बलौदा से 5, अकलतरा से 4, मुलमुला से 2, पामगढ़ से 3, नवागढ़ से 6, शिवरीनारायण से 8, चांपा से 7, बम्हनीडीह से 1, बिर्रा से 2 तथा कोटमीसोनार से 2 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने साफ कहा है कि शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


