पटना | सावन के अंतिम सोमवार को ग्राम पंचायत अमहर में श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ पारंपरिक कांवर यात्रा निकालकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। अमहर जलाशय से पवित्र जल भरकर सैकड़ों श्रद्धालु कांवर लेकर निकले और पूरे श्रद्धा भाव के साथ अमहर शिव मंदिर पहुंचे। कांवर यात्रा के दौरान पूरे गांव में भक्तिमय माहौल रहा। हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आस्था और परंपरा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। साथ ही शिव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। जलाभिषेक के बाद भक्तों ने भगवान शंकर की विधिवत पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।


