काउंटर एफआईआर की मांग को लेकर थाने का किया घेराव:मोमोस ठेला वाले को बुरी तरह पीटने के आरोपियों के पक्ष में पहुंचे थे बजरंगी

राह चलते एक युवक को पीटने और उसका मोबाइल छीनने के मामले में आरोपी पक्ष की ओर से बजरंग दल के सदस्यों और परिजनों ने पुरानी भिलाई थाने घेराव कर दिया। उन्होंने कई घंटे तक उग्र प्रदर्शन कर पुलिस पर काउंटर एफआईआर दर्ज करने का दबाव बनाया, लेकिन पुलिस ने उसे बैरंग लौटा दिया। छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि भिलाई तीन निवासी अभिषेक थापा (22 साल) की शिकायत पर पुरानी भिलाई पुलिस ने करण गुप्ता, मौसम वर्मा, प्रिंस शिंदे और प्रदीप सोलंकी व अन्य के खिलाफ लूट व मारपीट का मामला दर्ज किया था। अभिषेक ने बताया कि आरोपियों ने 16 फरवरी रात उसके साथ मरापीट व लूट की। उसने बताया कि वो मोमोस का ठेला लगाता है। 16 फरवरी को ठेला बंद करने के बाद वो स्कूटी से घर जा रहा था। रात करीब 11.45 बजे दादर रोड बिजली ऑफिस के पास चरोदा में इन लोगों ने उसकी स्कूटी को रोक लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उसे बुरी तरह मारा और उसका मोबाइल लूट लिया। सभी आरोपी अभिषेक के दोस्त है, इसलिए उसने उन्हें पहचान लिया। उसकी शिकायत पुलिस ने आरोपियों के किलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। जब परिजनों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने बजरंग दल के सदस्यों को साथ लेकर मंगलवार शाम पुरानी भिलाई थाने का घेराव कर दिया। पुलिस अधिकारियों से जमकर हुई बहस, लौटे बैरंग बड़ी संख्या में बजरंगियों और लोगों ने पुरानी भिलाई थाने के सामने नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने जामुल, छावनी और खुर्सीपार टीआई को बल के साथ पुरानी भिलाई थाने बुलाया। इसके बाद वो खुद वहां पहुंचे। इस दौरान उनकी प्रदर्शनकारियों से काफी बहस हुई। बाद में उन्होंने साफ कह दिया कि काउंटर अपराध तभी दर्ज होगा, जब पुलिस जांच कर लेगी और जांच में शिकायतकर्ता का दोष पाया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी थाने से बैरंग लौट गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *