भास्कर न्यूज | धमतरी धमतरी जिले में ई-ऑफिस प्रणाली का संचालन शुरू हो चुका है। कलेक्टोरेट में अधिकांश कामकाज ई-ऑफिस प्रणाली के जरिए हो रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने हाल ही में आयोजित कई विभागीय बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब सभी शासकीय पत्राचार, रूटीन फाइलें एवं मूलभूत वित्तीय फाइलें अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही तैयार कर प्रेषित की जाएं। उन्होंने कहा कि परंपरागत तरीके से कागज पर फाइलें बनाने की बजाय अब सभी पत्राचार ई-ऑफिस पर ही किए जाएं। यहां तक कि छोटी-छोटी नोटशीट्स भी ई-ऑफिस पर संचालित होंगी। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली शासन की पारदर्शी और सुगम प्रशासनिक कार्यप्रणाली का आधार है। इसका उद्देश्य न केवल कार्यालयीन कार्यों को तेज करना है, बल्कि प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब सभी पत्राचार ई-ऑफिस के माध्यम से होगा, तो अनावश्यक विलंब समाप्त होगा, फाइलों की ट्रैकिंग आसान होगी और निर्णय लेने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ेगी। शासन की मंशा है कि संपूर्ण पत्राचार केवल ई-ऑफिस माध्यम से ही किया जाए। यह व्यवस्था पारंपरिक कार्य संस्कृति से हटकर डिजिटल और पारदर्शी कार्य संस्कृति की ओर एक बड़ा कदम है। इससे समय की बचत होगी, कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होगी और विभागों के बीच समन्वय भी और बेहतर हो सकेगा। कलेक्टर ने कहा कि सभी ई-ऑफिस प्रणाली को प्राथमिकता से अपनाना अब आवश्यक है। ई-ऑफिस के सुचारु संचालन के लिए अधिकारी और कर्मचारी नोटशीट लेखन, दस्तावेज संलग्न करना, फाइल बनाना और उसे भेजना पूरी तरह समझ गए हैं। कलेक्टर द्वारा आगामी बैठक में समरी रिपोर्ट तैयार कर यह समीक्षा की जाएगी कि अब तक कितनी फाइलें ई-ऑफिस प्रणाली से प्राप्त हुई हैं। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि विभागों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन किस स्तर तक किया जा रहा है। समीक्षा से यह भी स्पष्ट होगा कि किन विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली पूरी तरह लागू हुई है और किन्हें अभी और सुधार की आवश्यकता है।


