नमस्कार, कानपुर में कल (गुरुवार) की बड़ी खबर…सर्द हवा ने ठिठुरन बढ़ाई। 8वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। घर के बाहर धूप सेक रहीं सीबीसीआईडी की रिटायर्ड महिला दरोगा से लूट हुई। 7 बच्चों की मां की हत्या कर प्रेमी ने खेत में दफनाया। बेटे की शिकायत पर पुलिस ने कब्र खोदकर कंकाल निकाला। कल्याणपुर में युवक का सिर कूंचकर मर्डर। घर से 200 मीटर दूरी पर खाली प्लॉट में शव मिला। शहर में वाटर लाइन से घरों में सीवर का पानी पहुंच रहा है। बुजुर्ग-बच्चे बीमार पड़े। लोगों ने इंदौर जैसी घटना का डर सता रहा। नाबालिग से गैंगेरप का आरोपी पत्रकार गिड़गिड़ाया। बोला मुझे फंसाया गया। लड़की को कभी देखा भी नहीं। आरोपी दरोगा फरार है। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। अब सिलसिलेवार कल की 10 बड़ी खबरें पढ़िए– 1.) CM से मिलीं कानपुर महापौर प्रमिला पांडेय: सोशल मीडिया पर लिखा- ‘आज मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई, भगवान ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया’ कानपुर में महापौर प्रमिला पांडेय और बीजेपी पार्षदों का विवाद मुख्यमंत्री की चौखट तक पहुंच गया। प्रभारी मंत्री की पंचायत के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद गुरुवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि शहर की कई समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री जी से मुलाकात हुई। भगवान ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है…। विवाद के बाद से महापौर ने पूरे मामले में चुप्पी साध रखी है। पढ़िए पूरी खबर 2.) कानपुर में बादलों ने 4.8 डिग्री पारा बढ़ाया: रात का तापमान बढ़ा, दिन में सर्द हवा ने ठिठुरन बढ़ाई; अमृत भारत 23 घंटे लेट पहुंची कानपुर में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा रहा। कोहरे के साथ ओस की बूंदें टपकती दिखीं। इन दिनों सर्दी का सितम जारी है। बीते 24 घंटे में ठंड और शीतलहर ने लोगों को कंपकंपा दिया। न्यूनतम पारा 4.8 डिग्री बढ़ गया और 9.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। लोग सुबह-सुबह अलाव तापते देखे गए। बुधवार को दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत की उम्मीद जगी, लेकिन तेज शीतलहर के कारण धूप का असर नहीं रहा। पढ़िए पूरी खबर 3.) ठंड में 8वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद: कानपुर DM ने जारी किया आदेश कड़ाके की ठंड, कोहरा व शीतलहर के चलते नर्सरी से आठवीं तक के स्कूलों में नौ व 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने आदेश जारी करते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा व स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शीत अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश जनपद में संचालित कक्षा नर्सरी से कक्षा 08 तक के समस्त बोर्ड के विद्यालयों में लागू होगा। इसका अनुपालन कड़ाई से कराया जाए।पढ़िए पूरी खबर 4.) कानपुर में रिटायर्ड महिला दरोगा से चेन लूट का VIDEO: पता पूछने के बहाने रोका, धक्का देकर गिराया; पति मिर्जापुर में डिप्टी जेलर कानपुर में बाइक सवार 2 बदमाशों ने मिर्जापुर के डिप्टी जेलर की रिटायर दरोगा पत्नी से सोने की चेन लूट ली। शातिर बदमाशों ने पता पूछने के बहाने डिप्टी जेलर की पत्नी को रोका और चेन खींच ली। इसके बाद उनको धक्का देकर गिरा दिया और भाग निकले। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। महिला की सूचना पर रावतपुर थाने की पुलिस और डीसीपी खुद मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश में जुटी है। घटना रावतपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास केशवपुर की है। पढ़िए पूरी खबर 5.) 7 बच्चों की मां की हत्याकर प्रेमी ने दफनाया: कानपुर में कब्र खोदकर शव निकाला, सिर्फ कंकाल मिला; 10 महीने राज छिपाए रहा कानपुर में 7 बच्चों की मां को उसके प्रेमी ने मारकर जमीन में दफना दिया। 10 महीने तक राज छिपाकर रखा। इसका खुलासा तब हुआ, जब महिला अपने बेटे के बुलाने पर शादी में घर नहीं पहुंची। बेटा प्रेमी के घर पहुंचा, तो मां नहीं मिली। प्रेमी से पूछा तो उसने कहा- तुम्हारी मां अब कभी नहीं आएगी। इसके बाद बेटे ने शक के आधार पर प्रेमी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रेमी को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। पढ़िए पूरी खबर 6.) ग्राउंड रिपोर्ट: कानपुर में वाटर लाइन से सीवर का पानी आ रहा: महिलाएं बोलीं- बच्चे-बुजुर्ग बीमार, बदबू इतनी कि उल्टी हो जाए; इंदौर जैसे हालात का डर हमारे घरों में काला गंदा पानी आ रहा। रोजमर्रा के काम करने में बहुत ही दिक्कत होती है। अब तो बच्चे भी बीमार पड़ने लगे है। सुबह उठते ही हम लोग अपने घर से एक किमी दूर राखी मंडी, बारा देवी मंदिर से पानी लेने के लिए जाते हैं। उसके बाद घर का काम करते हैं। पार्षद से लेकर अधिकारी तक हमारी समस्या को कोई नहीं सुन रहा है। ये कहना है कानपुर शहर के विनोबा नगर की रहने वाली रत्ना सविता का। कानपुर शहर के जूही इलाके के विनोबा नगर में महीनों से सीवर जैसा गंदा पानी आ रहा है। पानी में इस कदर बदबू आ रही है कि पास खड़ा रहना दूभर हो जाता है। ये समस्या सालों से चली आ रही है। समाधान नहीं हुआ तो यहां भी इंदौर जैसे हालात हो सकते हैं। लोगों की जान जा सकती है। पढ़िए पूरी खबर 7.) कल्याणपुर में युवक का सिर कूंचकर मर्डर: घर से 200 मीटर दूर खाली प्लॉट में मिला शव, ACP ऑफिस में करता था काम कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने ईंट से सिर कूंचकर युवक को मरणासन्न हालत में छोड़ दिया। बुधवार सुबह युवक घर से करीब 200 मीटर दूर एक खाली प्लॉट में खून से लथपथ हालत में मिला। पास ही खून से सनी ईंट पड़ी थी। नानकारी, प्रधान गेट निवासी रामवीर के बेटे गांधी सोनू (30) मंगलवार शाम करीब 5 बजे यह कहकर घर से निकले थे कि थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन वह वापस नहीं आए। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पढ़िए पूरी खबर 8.) जहां गंगा में नाला गिर रहा…कांग्रेसियों ने वहां किया प्रदर्शन: बोले- अब लोग भी बीमार, डॉल्फिन की मौत और मकरसंक्रांति स्नान से पहले प्रदर्शन कानपुर में आज कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा गंगा नदी में गिर रहे नालों को लेकर गोला घाट पर एक सत्याग्रह आंदोलन किया गया। कानपुर में डॉल्फिन की मौत की बाद में भास्कर ने दिखाया था, गंगा नदी में सात नाले गिर रहे है। जहां पर नाला गिर रहे है आज वहां कांग्रेसियों का जमावड़ा हुआ। गोलाघाट स्थित नाले के किनारे कांग्रेसियों ने विरोध जताया। पढ़िए पूरी खबर 9.) बंद कमरे में सड़ता रहा रिटायर्ड जेई का शव: कानपुर में पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला; 15 दिन से मोबाइल बंद था कानपुर में सिंचाई विभाग के रिटायर्ड जेई का शव उनके घर में सड़ता रहा। वह पत्नी और दो बेटियों से अलग रहते थे। पिछले 15 दिनों से उनका मोबाइल फोन बंद था। गुरुवार को उनसे मिलने पहुंची बहन ने दरवाजा बंद देखा। अंदर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो बेड पर शव पड़ा मिला। डेड बॉडी पूरी तरह गल चुकी थी। देखकर लग रहा था कि उनकी मौत कई दिन पहले ही हो चुकी है। छोटे भाई और बहन ने बताया कि उनसे 15 दिन पहले आखिरी बार बात हुई। इसके बाद से मोबाइल बंद जा रहा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव और आसपास की जगह की जांच की। पुलिस ने उनकी पत्नी और बेटियों को फोन किया है। लेकिन अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है। मामला जाजमऊ स्थित आदर्श नगर कॉलोनी का है। पढ़िए पूरी खबर 10.) कानपुर में गैंगरेप का आरोपी पत्रकार गिड़गिड़ाया: बोला- मुझे फंसाया गया, लड़की को कभी देखा नहीं; स्कॉर्पियो में दरोगा संग की दरिंदगी साहब, मैंने रेप नहीं किया। उस लड़की को न कभी देखा, न कभी बात हुई। आप मेडिकल करा लीजिए। मैं निर्दोष हूं। अगर दोषी मिलता हूं, तो जेल भेज दीजिएगा। मुझे रंजिशन फंसाया जा रहा है। सोमवार रात अमित दरोगा का फोन आया। कहा, RPF में नए इंस्पेक्टर आए हैं। लोहा चोरी हुआ है, मिलना चाहते हैं। अपने पत्रकार साथियों से पता करो। हम बाइक से 35 नंबर सोना क्रॉसिंग पहुंचे। वहां RPF इंस्पेक्टर मिले, साथ में अमित दरोगा थे। इसी बीच लड़के अपनी बहन को ढूंढते हुए आए। मुझे भी देख लिया, तो मेरा भी नाम लिख दिया। क्रॉसिंग के पास फिंगर का ठेला लगाने वाले लड़के से लड़की का अफेयर चल रहा है। उससे पता करा लीजिए। वह उससे मिलता रहता है। जांच करा लीजिए, पूरी सच्चाई सामने निकलकर आ जाएगी। ये बातें रो-रोकर गैंगरेप के आरोपी पत्रकार शिवबरन ने पुलिस के सामने बताईं। कानपुर के सचेंडी थाने में मंगलवार को 14 साल की लड़की ने बिठूर में तैनात दरोगा अमित मौर्या और पत्रकार शिवबरन पर गैंगरेप की FIR दर्ज कराई है। पत्रकार शिवबरन को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी दरोगा अभी फरार है। पढ़िए पूरी खबर


