राजनांदगांव में यादव समाज की ओर से आयोजित प्रथम यादव प्रीमियर लीग (YPL) 2026 का रंगारंग समापन 30 जनवरी को हुआ। हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में कान्हा इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुदर्शन इलेवन को 7 विकेट से शिकस्त देकर खिताबी ट्रॉफी अपने नाम कर ली। महापौर मधुसूदन यादव इस समापन समारोह के मुख्य अतिथि थे। फाइनल मुकाबले में सुदर्शन इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। कान्हा इलेवन की कसी हुई गेंदबाजी के सामने टीम निर्धारित 8 ओवरों में 7 विकेट खोकर मात्र 47 रन ही बना सकी। सुमेन्द्र यादव ने 17 और गोविंद यादव ने 12 रन बनाए, जबकि अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। कान्हा इलेवन के कप्तान जीतू यादव ने 3 और नीरज यादव ने 2 विकेट झटके। महापौर ने विजेता टीम को दी ट्रॉफी 48 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कान्हा इलेवन ने नीरज यादव के नाबाद 24 रन और कप्तान जीतू यादव के 9 रनों की पारियों की मदद से आसानी से जीत दर्ज की। टीम ने केवल 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जीतू यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। विजेता टीम कान्हा इलेवन को मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने 71,000 रुपये नगद और ट्रॉफी प्रदान की। वहीं, उपविजेता सुदर्शन इलेवन को 41,000 रुपए व ट्रॉफी से नवाजा गया। स्पॉन्सर्स को भी किया गया सम्मानित इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष किसुन यदु, पार्षद शैंकी बग्गा, वर्षा शरद सिन्हा, मनोहर यादव, हेमंत शेखर यादव, श्रीमती खेमिन राजेश यादव और शेखर लश्करे सहित कई विशेष अतिथि उपस्थित रहे। राकेश यादव (बांके बिहारी इलेवन) सहित सभी टीमों के स्पॉन्सर्स को भी मंच पर सम्मानित किया गया। मैच के दौरान ‘डांसिंग अंपायर’ रवि रंगीला ने अपनी नृत्य कला से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, जो एक विशेष आकर्षण रहा। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में, पहले सेमीफाइनल में मधुसूदन इलेवन ने 71 रन बनाए थे, जिसे कान्हा इलेवन ने जीतू यादव के 34 रनों की बदौलत आसानी से हासिल कर लिया। दूसरे सेमीफाइनल में सुदर्शन इलेवन ने 124 रनों का विशाल स्कोर बनाकर गोपाल इलेवन को 78 रनों पर रोककर फाइनल में जगह बनाई थी।


