कान्हा नेशनल पार्क में नाइट सफारी 1 दिसंबर से बंद:सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पीसीसीएफ (वन्यजीव) ने जारी किए निर्देश

मंडला के कान्हा नेशनल पार्क में 1 दिसंबर से नाइट सफारी बंद कर दी जाएगी। यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट द्वारा 17 नवंबर 2025 को पारित एक आदेश के बाद लिया गया है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), भोपाल ने सभी पार्क प्रबंधन को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में स्थित खटिया, सिझोरा और खापा, इन तीन मुख्य गेटों से प्रतिदिन 15-15 वाहन नाइट सफारी के लिए प्रवेश करते थे। ये सभी नाइट सफारी 1 दिसंबर से पूरी तरह बंद हो जाएंगी। दिन की सफारी जारी रहेगी नाइट सफारी बंद होने के बावजूद बफर क्षेत्र में दिन की सफारी पहले की तरह जारी रहेगी। खटिया गेट से सुबह 25 और शाम को 15 वाहन, खापा गेट से सुबह 20 और शाम को 12 वाहन और सिझौरा गेट से सुबह 20 और शाम को 12 वाहन प्रवेश कर सकेंगे। फेन अभयारण्य में भी सुबह 25 और शाम को 15 वाहन प्रवेश की अनुमति होगी। कान्हा नेशनल पार्क की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में हर साल वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसका सीधा प्रभाव पार्क के कोर और बफर दोनों क्षेत्रों में देखा जा रहा है। हर साल बढ़ी पर्यटकों की संख्या वर्ष 2022-23 में कोर एरिया में कुल 1,95,735 पर्यटक आए, जिनमें 1,80,335 देसी और 15,400 विदेशी पर्यटक शामिल थे। इसी अवधि में बफर क्षेत्र में 31,456 पर्यटक पहुंचे, जिनमें 31,278 देसी और 178 विदेशी पर्यटक थे। अगले वर्ष 2023-24 में कोर एरिया में पर्यटकों की संख्या बढ़कर 1,95,877 हो गई, जिसमें 1,78,538 देसी और 17,339 विदेशी पर्यटक शामिल थे। बफर क्षेत्र में भी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और यह 45,452 तक पहुंच गई, जिसमें 44,612 देसी और 840 विदेशी पर्यटक शामिल थे। चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में 25 जून तक कोर एरिया में 1,97,146 पर्यटक दर्ज किए गए, जिनमें 1,74,973 देसी और 22,173 विदेशी पर्यटक थे। बफर क्षेत्र में भी यह आंकड़ा 54,726 तक पहुंच गया, जिसमें 53,735 देसी और 991 विदेशी पर्यटक शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *