कारोबारियों ने बिजली संकट पर जताई चिंता, एफआईसीओ ने पीएसपीसीएल से मांगा समाधान

भास्कर न्यूज| लुधियाना लुधियाना के उद्योगों को बार-बार हो रहे बिजली कट और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव से भारी नुकसान हो रहा है। इसको लेकर फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल ऑर्गेनाइजेशन (एफआईसीओ) का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष गुरमीत सिंह कुलार के नेतृत्व में पीएसपीसीएल (पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) के मुख्य अभियंता (मध्य क्षेत्र) इंजीनियर जगदेव सिंह हंस से मिला। एफआईसीओ ने चार बड़ी समस्याओं पर ध्यान दिलाते हुए जल्द समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि औद्योगिक इलाकों में बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली कट रही है। इससे उत्पादन रुक रहा है और उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सुझाव दिया गया कि बिजली का रखरखाव रविवार को किया जाए, जब अधिकतर फैक्ट्रियां बंद रहती हैं। साथ ही, बिजली कट की जानकारी कम से कम दो दिन पहले दी जाए। एफआईसीओ ने बताया कि हाल के हफ्तों में वोल्टेज में बार-बार उतार-चढ़ाव हो रहा है। इससे मशीनरी खराब हो रही है और कामकाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने औद्योगिक इलाकों में स्थिर और अच्छी क्वालिटी की बिजली आपूर्ति की मांग की। संगठन ने सुझाव दिया कि औद्योगिक इकाइयों में जीओ (जनरल ओवर) स्विच की व्यवस्था फिर से शुरू की जाए। इस स्विच की मदद से यदि किसी एक यूनिट में खराबी आती है तो केवल उसी की बिजली कटेगी, बाकी इलाकों पर असर नहीं पड़ेगा। एफआईसीओ ने यह भी मांग रखी कि लघु, मध्यम और बड़े औद्योगिक कनेक्शन धारकों के लिए स्वैच्छिक प्रकटीकरण योजना (वीडीएस) शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि पिछले 25 साल से उद्योगों को वीडीएस स्कीम का लाभ नहीं मिला है। अब समय है कि उन्हें राहत दी जाए। मुख्य अभियंता जगदेव सिंह हंस ने भरोसा दिलाया कि बिजली से जुड़ी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा। बैठक में एफआईसीओ के दिनेश सिंह भोगल (सचिव), सतनाम सिंह मक्कड़ (प्रचार सचिव), हरपाल सिंह भांबर (साइकिल डिवीजन प्रमुख), गुरमुख सिंह रूपाल (सिलाई मशीन डिवीजन प्रमुख), बरिंदर बावा (कार्यकारी सदस्य) मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *