ट्रेडिंग में मुनाफा का झांसा देकर एक कारोबारी से 2.07 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस, रांची ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अभिषेक बेरा पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले के घोला थाना क्षेत्र के जगबेरिया मुरागच्छा का रहने वाला है। साइबर पुलिस ने उसके पास से ठगी में प्रयुक्त एक लैपटॉप, दो मोबाइल, तीन सिमकार्ड, पांच डेबिट कार्ड समेत कई कागजात बरामद किए हैं। उसने लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले एक कारोबारी के साथ ट्रेडिंग के नाम पर ठगी की थी। इस मामले में चंदवा के व्यवसायी ने साइबर थाने में 16 दिसंबर 2025 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद साइबर थाना की पुलिस ने टेक्निकल इनपुट के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की। साइबर ठगों ने पहले पीड़ित कारोबारी को एक वाट्सएप ग्रुप डिजिटल एसेट्स से जोड़ा। फिर व्यवसायी से फर्जी ट्रेडिंग ऐप जैसे ग्लोबिक्सवाल्ट पर फर्जी ट्रेडिंग कराई। उनके एकाउंट में फर्जी मुनाफा दिखाया गया, ताकि विश्वास जीता जा सके। इसके बाद झांसे में लेकर पीड़ित से उनके विभिन्न बैंक खातों से 2.07 करोड़ रुपए ट्रांसफर करा लिया।


