भास्कर न्यूज | लुधियाना फिरोजपुर रोड स्थित ग्लाडा कार्यालय के बाहर पार्किंग में खड़ी एक कॉलोनाइजर की कार का शीशा तोड़कर बदमाश 3 लाख रुपए नकद और लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर फरार हो गए। वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। पीड़ित कॉलोनाइजर विजय कुमार ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे किसी काम से ग्लाडा कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने कार की ड्राइवर सीट के पीछे रखे बैग में 3 लाख रुपए नकद और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर रखी थी। करीब आधे घंटे बाद जब वह वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ था और बैग गायब था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाश पहले से कार पर नजर रखे हुए थे या उन्होंने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। 15 दिनों में दूसरी घटना सामने आई है। पहले 21 जुलाई को कार का शीशा तोड़ 30 हजार रुपए के करीब दुगरी में चोरी करके ले गए। जिसमें दुगरी पुलिस ने अभी तक न सीसीटीवी कैमरे चेक किए और न ही मामला दर्ज किया।


