खरगोन | शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहे पर गुरुवार को दोपहर को एक युवक कार की चपेट में आने से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि युवक नशे में धुत होकर सड़क किनारे पड़ा था। इस दौरान चौराहे से गुजरने वाली कार के पिछले टायर की चपेट में आने से युवक के मुंह पर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि युवक का नाम गणेश बताया जा रहा है। उसके होश में आने के बाद ही उसकी जानकारी मिल पाएगी। वहीं लोगों ने बताया कि पोस्ट ऑफिस चौराहा शहर का सबसे व्यस्त चौराहा है।


