रामगढ़ जिले के कुज्जू एनएच-33 पर पंजाबी ढाबा के पास तेज रफ्तार एक कार ने खड़े ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, सड़क किनारे पौधों में पानी दे रही एक महिला भी जख्मी हो गई। कार सवार बिहार से रांची की ओर आ रहे थे और इसी बीच यह घटना हुई। टीयागो कार तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर एनएच-33 पर खड़े ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में लगा एयर बैग खुल गया। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया गया है। वहीं, महिला मजदूर मंजू देवी मांडू बस्ती की रहने वाली है। उसे भी गंभीर रूप से चोटें आई है। मंजू देवी पानी टैंकर से सड़क किनारे लगे पौधों में पानी दे रही थी। इधर, घटना के बाद जाम की स्थिति बन गई, मौके पर कुजू पुलिस के जवान पहुंचे और सड़क जाम को हटाया और कार अपने साथ थाना ले गए।


