भास्कर न्यूज | तुस्मा बुधवार को ग्राम तुस्मा में बारात में आई एक कार के चालक ने दो बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। कार की टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई हैं। एक बाइक कार के सामने के हिस्से पर फंस गई। हालांकि, इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई है, लेकिन हादसे के बाद ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची, तब जाकर मामला शांत हुआ। तुस्मा में 9 अप्रैल की रात ग्राम टुंड्रा से लोग गांव में बारात आए हुए थे। टुंड्रा निवासी राम धन साहू वेगनआर कार सीजी 22 एच 8783 लेकर गांव आ रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि कार का चालक नशे में धुत था। इसलिए उसने एक के बाद एक कर दो बाइक को सामने से टक्कर मार दी, जिसमें एक बाइक नाली में गिर गई, तो वहीं दूसरी मोटरसाइकिल वेगनआर कार के नीचे के हिस्से में जा फंसी। आनन-फानन में वहां उपस्थित ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना शिवरीनारायण थाना प्रभारी को दी। थाना प्रभारी भास्कर शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया, तब मामला शांत हुआ। इसके बाद कार के नीचे के हिस्से में फंसी बाइक को बाहर निकाला गया। कार चालक मौके से फरार हो गया। नशे में स्टीयरिंग को नहीं संभाल पा रहा था ड्राइवर ग्रामीणों ने बताया कि वाहन चालक रामधन साहू शराब के नशे में पूरी तरह से धुत था। वह अपनी कार की स्टीयरिंग नहीं संभाल पा रहा था। कई बार लोगों ने उसे मना किया, इसके बावजूद उसने अपनी जिद नहीं छोड़ी और दो बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बड़ी मुश्किल से लोगों की जान बची।


