भीलवाड़ा| सदर थाना क्षेत्र के हलेड़ गांव के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार तीन युवकों को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक कैटरिंग के काम के लिए गांव से भीलवाड़ा आ रहे थे। सदर सीआई गजेन्द्रसिंह राठौड़ के अनुसार बड़लियास थाना क्षेत्र के गेंदलिया गांव निवासी प्रहलाद (18) पुत्र गुड्डू रैगर, रेणवास निवासी प्रभु (20) पुत्र रामलाल बैरवा तथा राधेश्याम (18) पुत्र नारायण तीनों बाइक पर सवार होकर कैटरिंग के काम से भीलवाड़ा आ रहे थे। हलेड़ गांव के पास एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रहलाद रैगर ने सिर में गंभीर चोट के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं प्रभुलाल और राधेश्याम घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया। यहां ड्यूटी डॉक्टर ने प्रहलाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल का इलाज जारी है। गांव में छाया मातम : बताया जा रहा है कि प्रहलाद रैगर पहले गेंदलिया से रेणवास आया था। यहां से वह अपने दोनों साथियों को साथ लेकर बाइक पर भीलवाड़ा के लिए रवाना हुआ था। इस बीच रास्ते में यह हादसा हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सदर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।


