भास्कर न्यूज | अमृतसर माल मंडी स्थित 9वीं बटालियन की पार्किंग में सरकारी वैपन से अचानक चली गोली के कारण कार में बैठे कांस्टेबल की मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। गोली की आवाज सुनने के बाद बटालियन की पुलिस कार के पास पहुंची और सीनियर अधिकारियों को सूचना दी। गोली गले से होते हुए सिर के आर-पार हो गई थी। मृतक की पहचान गुरकीरत सिंह (25) निवासी बटाला के गांव उमरवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाते हुए परिवार को सूचित कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार को सौंपा जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कांस्टेबल गुरकीरत की पठानकोट में ड्यूटी लगी थी जो अमृतसर की 9वीं बटालियन में तैनात था। ड्यूटी करने के बाद बटाला अपने घर चला गया था। सोमवार सुबह तकरीबन 11 बजे घर से बटालियन दफ्तर सरकारी वैपन की इंस्पेक्शन करवाने आया था। सिविल अस्पताल पहुंचे बुजुर्ग ने बताया कि गुरकीरत इकलौता बेटा था। उसके पिता विक्रमजीत सिंह पंजाब पुलिस में थे। उनकी मौत होने के बाद ही उसे 2018 में पिता की जगह नौकरी मिली थी। उसकी एक बहन है, जिसकी तकरीबन 6 माह पहले ही शादी हुई है। गुरकीरत की अभी शादी नहीं हुई थी।


