चूरू की कोतवाली पुलिस ने कार लूट और घर में घुसकर चोरी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार दोपहर पुलिस ने अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास के अपने नारे को चरितार्थ करते हुए इन आरोपियों का सिर मुंडवाकर और उन्हें महिला के कपड़े पहनाकर बाजार में पैदल जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान बाजार में मौजूद लोगों ने ‘कोतवाली पुलिस जिंदाबाद’ के नारे लगाए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गढ़ चौराहा से सफेद घंटाघर तक पैदल घुमाया। कोतवाली थाना के एसआई किशनाराम बिश्नोई ने बताया कि 11 नवंबर 2025 को विवेक मोगा ने एक मामला दर्ज करवाया था। मोगा ने अपनी शिकायत में बताया कि शहर के आई हॉस्पिटल के पास उनका कार रेंटल का व्यवसाय है। 9 नवंबर को सत्यनारायण स्वामी नामक एक व्यक्ति उनके पास आया और अपने दस्तावेज देकर एक थार गाड़ी किराए पर ले गया। रिपोर्ट में बताया गया कि 10 नवंबर को मोगा को ठगी का एहसास तब हुआ जब आरोपी ने किराए पर ली गई थार गाड़ी का जीपीआरएस काटकर फेंक दिया और गाड़ी वापस नहीं लौटाई। ऑनलाइन पेमेंट की डिटेल जांचने पर पता चला कि थार गाड़ी ले जाने वाले युवक का नाम सत्यनारायण नहीं, बल्कि सीकर के बोसाना निवासी रविंद्र सिंह है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कॉन्स्टेबल सुभाषचंद्र मीणा को सौंपी, जिन्होंने आरोपी रविंद्र सिंह को भालेरी रोड स्थित संकट मोचन बालाजी मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। दूसरे मामले में, 12 दिसंबर 2025 को भूतिया बास निवासी उषा जांगिड़ ने कोतवाली थाने में घर से चोरी होने का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने आसूचना के आधार पर जांच करते हुए हाउसिंग बोर्ड निवासी पुरुषोत्तम शर्मा को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया, एएसआई सुरेश कुमार, कॉन्स्टेबल विकास कुमार, पुष्पेन्द्र सिंह और नवीन कुमार शामिल थे। कॉन्स्टेबल विकास कुमार और पुष्पेन्द्र सिंह की इस घटना का खुलासा करने में अहम भूमिका रही।


