कार सवारों ने की फायरिंग राहगीर की टांग में लगी गोली

भास्कर न्यूज | अमृतसर जंडियाला के अंतर्गत आते गांव अकालगढ़ ढपइयां में 2 कारों में सवार 10 युवकों ने चलती गाड़ी से गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिस दौरान गांव में दहशत का माहौल बन गया। गोलीबारी में एक राहगीर गोली लगने से घायल हो गया। जिसने जब विरोध किया तो आरोपियों ने कार रोककर दात्तर से घायल शख्स की एक अंगुली काट दी। घटना बुधवार रात साढ़े 9 बजे की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना जंडियाला पुलिस ने जख्मी राजदीप सिंह का बयान दर्ज कर 2 आरोपियों आकशदीप सिंह और हैप्पी के खिलाफ केस दर्ज किया है। घायल राजदीप सिंह निवासी अकालगढ़ ढपइयां ने बताया कि रात के समय वह घर के बाहर सैर कर रहा था कि गांव दशमेश नगर साइड से तेज रफ्तार 2 कार आई। कार में बैठे युवक पिस्तौल से हवाई फायरिंग करते आ रहे थे। एक गोली उनकी टांग में लगी और वह गिर गए। जब उन्होंने विरोध किया तो अकाशदीप सिंह और हैप्पी दात्तर लेकर आए और हाथ की एक अंगुली काट दी। उसके बाद दोबारा कार में बैठकर गोलियां चलाते हुए आगे निकल गए। रोड किनारे लगी बाइकों में भी गोलियां मारी। पूरे गांव में दहशत का माहौल बना रखा था। दोनों कारों में तकरीबन 10 लोग बैठे हुए थे। उन्होंने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने आरोपी अकाशदीप सिंह की किसी महिला के साथ वीडियो वायरल की थी जिसके कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव में गोलियां चलाई। एएसआई तरसेम सिंह ने बताया कि मामले में गांव में लगे कुछ सीसीटीवी में हमलावरों की तस्वीरें कैद हुई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *