कार से शराब तस्करी, बाइक से रैकी, 3 आरोपी गिरफ्तार:खंडवा में 18 पेटी ब्रांडेड शराब जब्त, पुलिस ने बाजार मूल्य डेढ़ लाख रूपए बताया

खंडवा में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 पेटी शराब जब्त की है। थाना मोघट रोड पुलिस ने यह कार्रवाई शनिवार को सुरगांव नेपानी रोड पर की। इस दौरान बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल से शराब की तस्करी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। टीआई धीरेश धारवाल ने बताया कि, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंधी कॉलोनी निवासी आकाश पंजाबी और भानु प्रताप गंगवानी बिना नंबर की सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से अवैध शराब लेकर सुरगांव नेपानी रोड से खंडवा की ओर आ रहे हैं। वहीं, उनका साथी कौशल नतानी पल्सर मोटरसाइकिल से आगे-आगे निगरानी कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहनों को रोका। कार की डिक्की से मिली शराब की बड़ी खेप जांच के दौरान कार और उसकी डिक्की से कुल 18 पेटियों में भरी अवैध शराब बरामद हुई। इसमें देशी प्लेन शराब के साथ 8 पीएम स्पेशल, सिग्नेचर, ब्लेंडर्स प्राइड/बेगपाइपर, ओल्ड मंक रम और रॉयल स्टैग जैसी विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब शामिल है। इस तरह 45 लीटर देशी प्लेन, 115 लीटर अंग्रेजी शराब पाई गई। इसका बाजार मूल्य करीब डेढ़ लाख रूपए है। नियमानुसार प्रत्येक ब्रांड के सैंपल लेकर शेष शराब को सील कर जब्त किया गया। वाहन भी जब्त, तीनों आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत करीब 3 लाख रुपए) और निगरानी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल (कीमत करीब 1 लाख रुपए) भी जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश पंजाबी (29), भानु प्रताप गंगवानी (32), कौशल नतानी (27) तीनों निवासी सिंधी कॉलोनी, खंडवा हैं। आबकारी एक्ट में केस दर्ज किया गया पूछताछ में आरोपी शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। जब्त शराब और वाहन मालखाने में सुरक्षित रखवाए गए हैं, वहीं मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *