कालरी क्षेत्रों में कबाड़ का फल फूल रहा अवैध कारोबार, बढ़ रही चोरी की वारदात

कालरी क्षेत्रों में कबाड़ का फल फूल रहा अवैध कारोबार, बढ़ रही चोरी की वारदात
कोतमा।
नगर मे खुलेआम कबाड़ का अवैध कारोबार फल फूल रहा है। तेजी से बढ़ते कबाड़ के ठीहो के कारण चोरी की घटनाएं भी जमकर हो रही है। बताया जा रहा है कि जहां जहां कबाड़ की दुकान खुली है वहां के आस पास घरों में लाखों की चोरी की वारदात चुकी है। अबैध कबाड़ की दुकानों में खुलेआम कालरी एवं घरों से चोरी किया समान खपाया जाता है। हिस्ट्रीशीटर कबाड़ियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही ना होने के कारण इनके हौसले बुलंद रहते है। चोर गिरोह द्वारा कालरी से लोहा एवं घरों से सामान चुराकर कबाड़ दुकानों में दिनदहाड़े खपा रहे हैं। नगर के बनिया टोला में अंडर ब्रिज के पास,  वार्ड क्रमांक 7  संतोषी बाड़ा के पास, बसखली तिराहा मेन रोड किनारे, विकास नगर जनपद कार्यालय के आगे लंबे समय से अवैध कबाड़ के ठीहे को प्रशासन का प्रश्रय मिला हुआ है। पूर्व पार्षद देवशरण ने आरोप लगाया कि पुलिस संरक्षण से ही अवैध कबाड़ दुकानें संचालित हो रही हैं। जहां कॉलरी, घरों एवं निर्माण स्थल से चोरी कर लोहा एवं अन्य कीमती सामनों को ठिकाने लगाते है। थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक जगहों पर कबाड़ दुकान चल रही हैं। थाना क्षेत्र के आदतन बदमाशों द्वारा कबाड़ के काले कारोबार को खुले तौर पर अंजाम दिया जाता है। जहां बाइक, चोरी के सामान सहित मंदिर से चोरी किए सामान भी खपाना आम बात हो चुकी है।
चोरी की घटनाएं भी बढ़ी
नगर के गली मोहल्लों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी जगह-जगह कबाड़ दुकान संचालित हो रही है। जहां सैकड़ों टन लोहे का कबाड़ खरीद रहे हैं। इतनी मात्रा में लोहा कहां से आ रहा है। इसके बारे में किसी को पता नहीं है। दूसरी ओर जैसे-जैसे कबाड़ दुकानों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, उसी तरह चोरी की घटनाएं भी बेतहाशा बढ़ती जा रही हैं। कालरी से लोहा सहित बेशकीमती पार्ट्स चोरी हो रहे हैं जो कबाड़ दुकानों में आसानी से खपाया भी जा रहा है। कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता की जाती है। चोरी की घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है। लेकिन, कबाड़ दुकानों को बंद करवाने के लिए अभी तक कोई प्रयास नहीं किया गया है। कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए कबाड़ी खुलेआम कारोबार कर रहे है। कबाड़ दुकानों में ज्यादातर चोरी का माल खपाया जाता है। पुलिस कई बार कबाड़ दुकानों से चोरी की सामग्री भी बरामद कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। सिर्फ एक स्टाक रजिस्टर बनाकर कबाड़ दुकान संचालित किया जाता है। स्टाक रजिस्टर में खरीदी-बिक्री किए गए सामान को दर्ज कर कारोबार करते हैं। इन दिनों नगर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बसखली तिराहा के आगे नवनिर्मित मकान से लोहे की प्लेट की चोरी होने की शिकायत भवन निर्माण ठेकेदार के द्वारा की जा चुकी है। लेकिन अभी तक किसी कबाड़ चोर को नहीं पकड़ा जा सका। पूर्व में पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन में अवैध कबाड़ चोरों पर जमकर सख्ती बरती गई थी जो वर्तमान में ठंडी पड़ी हुई है। कबाड़ के अड्डों में कैमरे लगाए जाने के आदेश के बाद भी चोरी का समान धड़ल्ले से खरीदा जाता है। नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक से कोयलांचल  क्षेत्र सहित कोतमा नगर में जगह-जगह आबाद कबाड़ के व्यवसाय पर रोक लगाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *