काला बाग में पानी की कमी:आवासीय क्षेत्र में पावरलूम का विरोध; बुरहानपुर की जनसुनवाई में कॉलोनी का निर्वाचन कराने की मांग

बुरहानपुर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जन सुनवाई में जिलेभर से लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इस दौरान काला बाग क्षेत्र में आधे घंटे पानी मिलने से हो रही परेशानी और हमीदपुरा के अपना नगर में आवासीय क्षेत्र में पावरलूम स्थापित करने के प्रयासों का विरोध प्रमुख मुद्दों में शामिल रहा। काला बाग क्षेत्र की महिलाओं और अन्य रहवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जलाधर्वन योजना के तहत केवल आधे घंटे पानी मिलने की शिकायत की। उन्होंने मांग की कि पहले की तरह उतावली नदी से जल वितरण बहाल किया जाए और जलाधर्वन योजना के तहत दिए जा रहे पानी का समय भी बढ़ाया जाए। काला बाग निवासी अकरम खान और जैबुन्निसा सहित अन्य लोगों ने बताया कि पहले उतावली नदी से मिलने वाले पानी से कोई समस्या नहीं होती थी। अब उस लाइन को बंद कर जलाधर्वन योजना से आधे घंटे पानी दिया जा रहा है, जिससे लगभग 400 घरों की पानी की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि उतावली का पानी साफ रहता था, जबकि अब मिलने वाला पानी साफ नहीं होता। वहीं, हमीदपुरा क्षेत्र के अपना नगर के रहवासियों ने जन सुनवाई में शिकायत की कि उनके आवासीय क्षेत्र में पावरलूम स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। सैयद कलीम ने बताया कि अपना नगर में कई लोगों ने प्लॉट खरीदे हैं, लेकिन कुछ लोग बिना अनुमति के आवासीय क्षेत्र में पावरलूम कारखाना लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तर्क दिया कि पावरलूम के लिए मोहम्मदपुरा क्षेत्र में पावरलूम क्लस्टर प्रस्तावित है। आवासीय क्षेत्र में पावरलूम स्थापित होने से निवासियों को परेशानी होगी। उन्होंने कॉलोनी में आठ इंच के पाइप से 100 घरों के पानी की निकासी और आमजन के चलने में मुश्किल होने की समस्या भी उठाई। इसके अतिरिक्त, सिद्धी विनायक रहवासी व कल्याण समिति के निर्वाचन न होने पर कॉलोनी के निवासी आर.एस. चौधरी ने शिकायत की। उन्होंने बताया कि समिति के लिए प्रशासक नियुक्त किया गया है, लेकिन आज तक चुनाव नहीं कराए गए हैं। उन्होंने चुनाव कराने की मांग की, क्योंकि चुनाव न होने से कॉलोन की कईं समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *