भास्कर न्यूज | लुधियाना इस समय पंजाब के 7 जिले बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित हो चुके हैं, हजारों एकड़ फ़सलें बर्बाद हो गई हैं, घर तबाह हो गए हैं। विधानसभा क्षेत्र साहनेवाल से सटी ससराली कॉलोनी में बांध टूटने का खतरा बढ़ता जा रहा है। भाजपा प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल की तरफ से ससराली कॉलोनी गांव का दौरा किया और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। प्रितपाल सिंह बलियावाल ने कहा कि ससराली कॉलोनी में सतलुज नदी के बांध और साथ लगती ज़मीन को काफी नुकसान पहुंच रहा है। नदी ने कासाबाद से घुमाणा तक कई जगहों पर जमीन को अपनी चपेट में ले लिया है। प्रशासन को जल्द से जल्द इसकी मरम्मत और मजबूती करनी चाहिए, ताकि धुसी बांध से पानी बाहर न आ सके।


