किन्नरों पर कट्टा अड़ाकर 30 लाख की डकैती:22 तोला सोना, 4 किलो चांदी, 4 लाख कैश ले गए बदमाश; CCTV का डीवीआर भी नहीं छोड़ा

मुरैना जिले के अंबाह में एक किन्नर के घर डकैती हो गई। किन्नर का आरोप है कि शनिवार रात करीब 2 बजे 8 से 10 हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने घर में मौजूद 4 किन्नरों को बांध दिया। इसके बाद 22 तोला सोना, 4 किलो चांदी और लगभग 4 लाख रुपए कैश ले गए। कुल 30 लाख की डकैती हुई। डकैती किन्नर राबिया के घर हुई है। रात में राबिया के साथ 3 किन्नर चेले और थे। सभी सो रहे थे। राबिया ने बताया कि बदमाश सीढ़ी से छत पर चढ़े। फिर गैस कटर से छत का दरवाजा काटा। इसके बाद वे दूसरी मंजिल से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे। यहां उन्होंने तीन चेलों पर कट्टा अड़ाकर उन्हें जगाया। बदमाशों ने किन्नर राधिका को धमकाया। फिर गुरु राबिया का कमरा खुलवाया। डकैतों ने कमरे में रखे सोने-चांदी के जेवर और कैश निकाल लिए। किन्नरों ने जो गहने पहने थे, वो भी निकलवा लिए। उनके मोबाइल और घर में लगे सीसीटीवी के डीवीआर भी ले गए। फारसी बोल रहा था एक बदमाश
किन्नर राबिया ने बताया कि सोना-चांदी लूटने के बाद बदमाश एक-एक कर सभी चेलों को अलग कमरे में ले गए, कपड़े उतरवाए और अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान बदमाश बार-बार पूछते रहे कि घर में कोई पुरुष है या नहीं। बदमाशों में से एक व्यक्ति फारसी भाषा बोल रहा था, जिससे आशंका है कि वारदात के पीछे किसी परिचित किन्नर का हाथ हो सकता है। वारदात के बाद सुबह करीब 4 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। किन्नर बोली- जान से मारने की धमकी दी
किन्नर राबिया ने बताया कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी है। बदमाशों ने कहा कि उन पर नजर रखी जाएगी। पुलिस में शिकायत की तो जब वे बधाई देने के लिए बाहर जाएंगे, गोली मार दी जाएगी। बदमाशों ने किन्नर के घर से कुछ दूरी पर जाकर लूटे गए मोबाइल मिट्टी में गाड़ दिए। डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंचे एएसपी
राबिया किन्नर ने अंबाह पुलिस को सूचना दी। सुबह मुरैना से डॉग स्क्वॉड की टीम और एएसपी सुरेंद्र पाल सिंह डावर मौके पर पहुंचे और जांच की। एएसपी ने बताया कि बाइपास के किनारे स्थित राबिया किन्नर के घर पर नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर पहुंचे थे। कट्टे की नोक पर सोना-चांदी और कैश लूट कर ले गए। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *