किन्नौर के कंडार जंगल में आग:​कठिन परि​स्थितियों से बुझाने में मुश्किल, करोड़ों की वन संपदा खतरे में, धुएं से दृश्यता घटी

किन्नौर जिले के कंडार गांव के जंगल में भीषण आग लगी हुई है। इस आग के कारण पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया है, जिससे आसपास के गांवों में दृश्यता कम हो गई है और लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। लगातार फैलती आग से बहुमूल्य वन संपदा, जड़ी-बूटियां और वन्य जीव गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, आग धीरे-धीरे जंगल के एक बड़े हिस्से में फैलती जा रही है। सूखी घास, झाड़ियां और तेज हवाएं आग को और भड़का रही हैं, जिससे इस पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया है। अनुमान है कि इस भीषण अग्निकांड से करोड़ों रुपये की वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। कठिन रास्तों के कारण मुश्किल वन विभाग को आग लगने की सूचना दे दी गई है। हालांकि, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और कठिन चढ़ाई के कारण आग बुझाने के प्रयासों में भारी बाधाएं आ रही हैं। स्थानीय ग्रामीण भी अपने स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आग की तीव्रता उनके लिए भी जोखिम भरी साबित हो रही है। नाथपा के प्रधान आरपी नेगी ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने और शेष वन संपदा तथा वन्य जीवों को बचाने के लिए जल्द से जल्द अतिरिक्त संसाधन, दमकल टीमें और आधुनिक उपकरण मौके पर भेजे जाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *