किरपाण से वार कर कान काटा, दूसरे की बाजू टूटी

लुधियाना| डेहलों थाना क्षेत्र के गांव सरींह में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हिंसक हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला कर फरार हो गए। वारदात 13 फरवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित हरजीत सिंह के अनुसार, घटना से पहले कुछ लोग उसके भाई हरपाल सिंह के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे। जब उसने बीच-बचाव कर भाई को छुड़ाया तो दोनों घर लौट आए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी हथियार लेकर उनके घर में घुस आए और हमला कर दिया। हरजीत सिंह ने बताया कि एक आरोपी ने किरपाण से वार कर उसका बायां कान बीच से काट दिया और दाहिनी बांह पर भी गहरा जख्म किया। वहीं हमले में हरपाल सिंह की बाजू टूट गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। पीड़ितों का कहना है कि दीपावली के समय भी इसी पक्ष ने हरपाल के साथ मारपीट की थी, जिस पर केस दर्ज हुआ था। अब उसी मामले को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए दोबारा हमला किया गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर शमशेर सिंह, मक्खन सिंह, अमरीक सिंह, काला सिंह, जतिंदर सिंह और हरजप्रीत सिंह, सभी निवासी गांव सरींह, के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी जरनैल सिंह के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *