नगरीय विकास और स्वायत्त शासन विभाग मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने कहा- पार्टी में अनुशासन आवश्यक है। अगर पार्टी महसूस करती है कि पार्टी का अनुशासन तोड़ा है तो नोटिस दिया है। जवाब देंगे, उस पर मंथन होगा। जवाब संतोषजनक होगा तो कार्रवाई टल जाएगी। अगर जवाब संतोषजनक नहीं होगा तो आगे कार्रवाई करेंगे। जिस तरह परिवार में कई बार मतभेद होते जाते है, उसी तरह पार्टी में भी हो जाते है। यह पार्टी का निजी मामला है। दरअसल, खर्रा ने मंगलवार दोपहर को पाली के सर्किट हाउस में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को अनुशासन हीनता के मामले में भेजे गए नोटिस से जुड़े सवाल पर यह बात कहीं। उन्होंने कहा कि वे मंत्री किरोड़ी लाल मीणा से मिलेंगे, उनके मन में क्या है, बैठकर बता कर, उन्हें समझा लेंगे। मंत्री बोले- पाली अभी नगर निगम, भविष्य का पता नहीं
पाली से संभाग का दर्जा छीन जाने के बाद पाली नगर निगम बना रहेगा या यह दर्जा भी पाली से छीन लिया जाएगा। इस सवाल के जवाब पर मंत्री खर्रा ने कहा कि वर्तमान में पाली निगम बना हुआ है। भविष्य में क्या होगा इसका पता नहीं। बजट से जुड़े सवाल पर कहा कि इस बार का बजट पिछले बजट से भी बेहतर होगा। इसके साथ ही उन्होंने बदहाल पड़ी निगम की रामासिया के निकट राजीव विहार आवासीय योजना, जले हुए टाउन हॉल का जीर्णोद्धार करवाने, बंद पड़े सॉलिड वेस्ट प्लांट को जल्द शुरू करवाने, शहर में घूम रहे डॉग्स को पकड़ने के लिए कोई आसान तरीका निकालने का आश्वासन भी दिया। राइजिंग राजस्थान में आए निवेश प्रस्तावों पर चर्चा की
इस मौके पर मंत्री खर्रा ने जिलास्तरीय अधिकारियों की करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक बैठक ली। मंत्री खर्रा ने बताया कि बैठक में मोटे तौर पर कुछ मुद्दों पर चर्चा की गई। जिसमें पाली को लेकर की गई बजट घोषणा की प्रगति के बारे में अधिकारियों से पूछा गया। इसके साथ ही राइजिंग राजस्थान में पाली जिले को लेकर निवेशकों से जो प्रस्ताव मिले थे, उनकी प्रगति को लेकर जानकारी ली। शहर की जनता की शिकायतों को समयबद्ध अवधि में समाधान हो रहा है या नहीं, के अलावा शहर की सीवरेज और सफाई व्यवस्था में सुधार पर चर्चा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना में जिन लोगों के मकान खुले है, उन्हें आवंटित करने ओर शेष कार्य को पूरा करवाने पर चर्चा की गई। पाली को संभाग यथावत बनाए रखने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा
नगर निगम के प्रतिपक्ष नेता हकीम भाई के साथ कांग्रेस नेता मेहबूब टी, पार्षद रमेश चावला सहित कई कांग्रेसियों ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा। बताया कि पानी के बिल ज्यादा आने से लोग परेशान है। लाइट के बिल भी एक महीन में दो बार आ गए। सीवरेज की समस्या से पूरा शहर परेशान है। शिकायत के बाद भी निगम समाधान नहीं करवा पा रहा है। इस पर मंत्री खर्रा ने निगम आयुक्त को बुलाया और जवाब मांगा। इस पर उन्होंने कहा कि सीवर लाइन की सफाई का काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। संभवत अगले एक महीने बाद स्थितियों में काफी सुधार होगा। एडवोकेट मगराज सोनी ने पाली को संभाग यथावत बनाए रखने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा और पिछले एक महीने से भी ज्यादा चल रहे धरने के बारे में बताया। इसके साथ ही कइयों ने ज्ञापन सौंपे। सोजत-पाली बाइपास प्रोजेक्ट को लेकर विधायक ने सौंपा ज्ञापन
मंत्री खर्रा को पाली विधायक भीमराज भाटी ने पाली-सोजत बाइपास बनाने को लेकर स्वीकृत किए गए प्रोजेक्ट के अधूरे पड़े होने की बात बताते हुए इसे पूरा करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि महज 8.2 KM का यह बाइपास है। इसके बनने से पाली शहर, खेतावास, भालेलाव, निम्बाड़ा, बागड़िया, बल्दों की ढाणी, सरदारों की ढाणी क्षेत्र के लोगों को भी फायदा होगा और सफर भी आसान होगा। लेकिन सालों बाद भी यह प्रोजेक्ट स्वीकृति के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। ये भी पढ़ें:-
किरोड़ी को नोटिस देने पर प्रदेशाध्यक्ष बोले-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी:समर्थकों को उग्र होने की जरूरत नहीं; वे क्या हैं?, कोई अलग ग्रुप से नहीं हैं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि मंत्री किरोड़ीलाल को नोटिस देना पार्टी का अंदरूनी मामला है। संगठन को कहीं कुछ लगता है तो पार्टी उचित निर्णय लेती है। व्यवस्था बनाए रखना बहुत जरूरी है।(पूरी खबर पढ़िए)


