किशनगढ़बास में रविवार से रामलीला का मंचन शुरू होगा। किशनगढ़ पीजी कॉलेज में 21 सितंबर रात 8ः15 बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस बार भी कला मंच समिति किशनगढ़बास की ओर से रामलीला का मंचन किया जा रहा है। मीडिया प्रभारी नवीन जैन ने बताया कि इस साल रामलीला की खासियत इसका संगीत रहेगा, जो दर्शकों को आकर्षित करेगा। लगातार 25 साल से राम की भूमिका निभाने वाले देवेंद्र तिवारी इस बार राजा दशरथ बनेंगे। पहले दिन के मंचन में गणेश पूजन व नारद मोह की लीला होगी। इस बार राम की भूमिका में पीयूष शर्मा, लक्ष्मण- मोहित यादव, सीता- हर्षित अग्रवाल, हनुमान- रामपाल यादव, रावण- खेमचंद्र यादव रहेंगे। इसके अलावा महिपाल जांगिड़, हरिओम गुप्ता, अभिषेक, सोनू, मोनू, विकास गोयल, हनुमान यादव व पंकज मंच पर नजर आएंगे। बल्ली पूजन कार्यक्रम के दौरान उमेश-कांत वशिष्ठ, राकेश तिवारी, हरीश गोयल, रामपाल यादव, गजेंद्र यादव, हरिशंकर सोनी, हरिओम गुप्ता मौजूद रहे। कला मंच समिति का कहना है कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि किशनगढ़बास की संस्कृति व परंपरा का जीवंत उत्सव है। दर्शकों को रोज भक्ति, नाट्य और संगीत का संगम देखने को मिलेगा।


