प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बांसवाड़ा आने से पहले ही राजस्थान की सियासत गर्म हो गई है। बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने 25 सितंबर को ‘परमाणु ऊर्जा परियोजना’ का शिलान्यास पीएम के हाथों होने पर कटाक्ष किया है। रोत ने कहा- ऐसा होना, इस क्षेत्र के साथ घोर अन्याय होगा। अब बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने रोत के बयान की निंदा करते हुए कहा कि आप बांसवाड़ा की जनता से पूछ लो कि वे कितने खुश है। वहां जिनकी जमीन अवाप्त हुई, उनको बाजार दर से दस गुणा मिल जाता तो वे कितने खुश हैं। अपनी राजनीति चमकाए लेकिन समाज को तोड़ने के लिए राजनीति करना अच्छी बात नहीं है। राठौड़ ने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो.सुनीता मिश्रा के औरंगजेब पर दिए बयान को भी गलत बताया। राठौड़ ने कहा- कुलपति ने माफी मांगी है मतलब अपराध बोध तो है। समाज को तोड़ना चाहते हैं राजकुमार रोत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बांसवाड़ा में यात्रा को लेकर पार्टी की तैयारी बैठक लेने आए राठौड़ ने आगे कहा- वे (राजकुमार रोत ) अपनी राजनीति चमकाए लेकिन समाज को तोड़ने के लिए राजनीति करना अच्छी बात नहीं है। वे अपनी योजनाएं बताए, विकास का एजेंडा बताए। समाज को तोड़ने वाली बात समझ नहीं आती है। अपनी राजनीति चमकाना और समाज को तोड़ने की राजनीति देश कभी स्वीकार नहीं करेगा। चुनाव आयोग (EC) के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी को सु्प्रीम कोर्ट और निर्वाचन आयोग ने बता दिया फिर भी वे समझ नहीं पा रहे है। SIR हर बार होता है। बांग्लादेशी और रोहिंग्या को भारत में मतदाता बना दिया यह कैसे ठीक होगा। यह सोचना होगा कि इस देश पर शासन कौन करेगा, भारतीय करेगा वो थोड़ी कर सकते है। वोट चोरी की बात करने वाली कांग्रेस को यह सोचना चाहिए कि सोनिया गांधी 1970 में वोटर बन गई जबकि वे देश की नागरिक 1983 में बनी थी। तो वोट चोरी किसने किया है यह सबके सामने है। प्रधानमंत्री की बांसवाड़ा यात्रा को लेकर सांसद रोत की टिप्पणी.. पीएम के बांसवाड़ा में प्रस्तावित दौरे को लेकर बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था कि माही परियोजना बिजलीघर इस क्षेत्र के लिए घातक परियोजना साबित होने वाली है। परियोजना में नियम के खिलाफ जाकर आदिवासी समुदाय की जमीन अवाप्ति की गई है। रोत का किया गया ट्वीट- उदयपुर की कुलगुरु पर बोले- उन्होंने गलती की
उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. सुनीता मिश्रा के औरंगजेब पर की गई टिप्पणी के सवाल पर बोले- भाजपा का रुख साफ है। ऐसे किसी भी बयान से बचना चाहिए, जिससे किसी को ठेस पहुंचे। ऐसा वक्तव्य देना अपराध है। बिना इतिहास को पढ़े किसी की प्रशंसा करना और आलोचना नहीं करनी चाहिए। ये तो उन्होंने गलत किया है। उन्होंने माफी मांगी है मतलब अपराध बोध तो है। जब तक इतिहास का पूरा अध्ययन नहीं कर ले, तब तक ऐसी कोई बात नहीं करनी चाहिए। इस पर गंभीरता से विचार करेंगे। बुलाकर भी पूछताछ करेंगे। जब तक पूरी समीक्षा नहीं होती, उससे पहले कुछ कह देना जल्दबाजी हो जाएगी। जांच कमेटी अध्ययन करके निर्णय लेगी, उसके अनुसार आगे होगा। जीएसटी पर रियायत देकर जनता को राहत दी
उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की जीएसटी को लेकर की गई रियायत पर भी अपनी बात रखी। राठौड़ ने कहा कि देश की जनता को बहुत बड़ी राहत सरकार ने दी है। इससे पहले सिटी रेलवे स्टेशन पर भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, देहात अध्यक्ष पुष्कर तेली, भाजपा नेता प्रमोद सामर, पारस सिंघवी आदि ने स्वागत किया। ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को आएंगे राजस्थान:बांसवाड़ा में 45 हजार करोड़ की परमाणु ऊर्जा परियोजना का करेंगे शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को बांसवाड़ा आ रहे हैं। वे यहां राजस्थान-मध्यप्रदेश के बॉर्डर पर बन रहे करीब 45 हजार करोड़ की परमाणु ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास करेंगे। माही डैम के पास बनने वाला यह प्रोजेक्ट परमाणु ऊर्जा मिशन के तहत बनकर तैयार होगा। (पढ़ें पूरी खबर)


