किशनगढ़बास बायपास पर सब्जी मंडी के सामने खड़ी एक लावारिस वैगनआर कार में सोमवार दोपहर करीब 4 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। दो दिनों से अधिक समय तक व्यस्त बायपास पर ये कार खड़ी थी। शरीर फूल चुका था स्थानीय लोगों ने बताया कि कार से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने भीतर झांककर देखा। पीछे की सीट पर एक व्यक्ति का शव पड़ा था, जिसकी स्थिति काफी खराब थी। शरीर फूल चुका था और चेहरा काला पड़ गया था, जिससे आशंका है कि व्यक्ति की मौत कई दिन पहले हुई थी। दुर्गंध फैलने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। थाना अधिकारी बनवारी लाल भी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने मामले पर कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही पुलिस पुलिस हरियाणा नंबर की वैगनआर कार के आधार पर वाहन मालिक का पता लगाने और मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। अब तक न तो वाहन मालिक की पहचान हो पाई है और न ही मृतक की। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।


