हनुमानगढ़ जिले में किशोरियों के स्वास्थ्य को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) संगरिया में उजाला क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। एसडीएम जय कौशिक ने फीता काटकर क्लिनिक का उद्घाटन किया और इसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि यह क्लिनिक 10 से 19 वर्ष की किशोरियों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। इसमें पोषण, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और गैर-संक्रामक रोगों से बचाव जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं। साथ ही दुर्घटनाओं से बचाव और प्राथमिक उपचार की जानकारी भी दी जाएगी। क्लिनिक में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। एएनएम, एलएचवी और अन्य स्वास्थ्यकर्मी किशोरियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने में सक्षम होंगे। कार्यक्रम में तहसीलदार मोनिका बंसल, सीएचसी इंचार्ज डॉ. अरविंद शर्मा और स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुखमंद्र कौर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। राज्य सरकार की इस पहल के तहत जिला अस्पतालों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, सीएचसी और पीएचसी पर भी ऐसे क्लिनिक खोले जा रहे हैं।


