एक फरार भीलवाड़ा | शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर पालड़ी के जंगल में ले जाकर गैंगरेप करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी फरार है, जिसे पुलिस तलाश कर रही है। मामले की जांच कर रहे डीएसपी मनीष बड़गूजर ने बताया कि 31 दिसंबर की रात सुभाषनगर थाना क्षेत्र में छोटी पुलिया के पास रहने वाला ईशु उर्फ ईश्वर वाल्मीकि मालोला चौराहा क्षेत्र से 17 साल की किशोरी को बाइक पर बिठाकर ले गया। उसे पालड़ी के जंगल में ले जाकर दो साथियों प्रतापनगर थाना क्षेत्र के ही आकाश सांसी और किशन खटीक के साथ मिलकर किशोरी से दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह आरोपियों के साथ छोटी पुलिया के पास पहुंची। भाई सूचना मिलने पर वहां पहुंचा तो बदमाशों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़िता ने प्रतापनगर थाने में गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले में आरोपी ईशु वाल्मीकि और आकाश सांसी को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि बदमाश ईशु सुभाषनगर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ अब तक 23 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। वहीं आकाश सांसी को भी गत दिनों सुभाषनगर थाना पुलिस चेन स्नेचिंग के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है।


