किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति में नियुक्ति:अखिलेश विजयवर्गीय, शिखा दुबे सदस्य बने; CWC में भी हुई चार नियुक्ति

गुना जिले में लंबे समय बाद किशोर न्याय बोर्ड और बाल कल्याण समिति में नियुक्तियां की गई हैं। किशोर न्याय बोर्ड में दो और जिला बाल कल्याण समिति में चार सदस्य बनाए गए हैं। वहीं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग ने राज्य स्तरीय सतर्कता और मॉनिटरिंग समिति का भी पुनर्गठन किया गया, इसमें गुना विधायक को सदस्य बनाया गया है। बता दें कि, जिला बाल कल्याण समिति में लंबे समय से चार सदस्य पद खाली थे। अब इन पदों पर राज्य शासन ने नियुक्ति कर दी है। अनुसुईया रघुवंशी को एक बार फिर बाल कल्याण समिति का सदस्य बनाया गया है। उन्होंने नगर पालिका परिषद के चुनाव के समय अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जबकि उनका कार्यकाल बचा हुआ था। जानकारी के अनुसार, जिला बाल कल्याण समिति में पांच लोगों का पैनल होता है। इसमें सदस्य पद के खाली होने पर राज्य शासन ने डॉक्टर नीरु शर्मा को जिला बाल कल्याण समिति में नियुक्त किया था। नीरु शर्मा के अध्यक्ष बन जाने के बाद सदस्य पद के लिए कवायद शुरू हो गई थी। भाजपा नेत्री अनुसुईया रघुवंशी के अलावा आरएसएस के जिला प्रचार प्रमुख रविन्द्र सिंह रघुवंशी, नगर प्रचार प्रमुख सुधाकर शर्मा और रेणु मिश्रा को सदस्य बनाया गया है। वहीं जिला किशोर न्याय बोर्ड में भी नियुक्तियां की गई हैं। इसमें भी दो सदस्यों की नियुक्ति की गई है। किशोर न्याय बोर्ड के पदेन अध्यक्ष जज होते हैं। इसमें अखिलेश विजयवर्गीय और शिखा दुबे को सदस्य बनाया गया है। अखिलेश विजयवर्गीय सेवा भारती से जुड़े हैं। वहीं शिखा दुबे भाजपा नेता के भाई की पत्नी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *