किसानों को बोनस राशि निकालने में लग रहे चार घंटे:बालाघाट के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में पार्किंग, पानी और बैठने की व्यवस्था नहीं

एक तरफ किसान अपनी फसलों का उचित दाम पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार द्वारा दी गई बोनस की राशि निकालने के लिए उन्हें बालाघाट के बैंक में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। नगर के आजाद चौक स्थित जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शहरी शाखा में इन दिनों किसानों को अपनी बोनस राशि निकालने के लिए तीन से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। हालात यह है कि सुबह 11 बजे बैंक पहुंचे किसानों को भुगतान के लिए शाम तक रुकना पड़ रहा है, जिससे किसान आक्रोशित हैं और उन्होंने बैंक की अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई है। पार्किंग, पानी और बैठने की व्यवस्था नदारद सुविधाओं के अभाव में किसान अन्य दुकानों के सामने या बाहर धूप में बैठने को मजबूर हैं, जिस पर आस-पास के दुकानदारों को भी आपत्ति है। 75 वर्षीय मेहतरीन बाई ने शिकायत की कि वह भी सुबह 11 बजे बैंक पहुंची थीं, लेकिन शाम तक उन्हें भुगतान नहीं हो पाया। धूप की गर्मी से परेशान होकर वह दिन भर राशि की आस में यहां-वहां भटकती रहीं। किसान विनोद हरिनखेड़े ने बताया कि उनका विड्रॉल 12:30 बजे पास हो गया था, लेकिन शाम 6 बजे तक भी उन्हें पेमेंट नहीं मिला। जल्द मिलेगी नई सुविधा युक्त जगह: शाखा प्रबंधक यह पहला मामला नहीं है। समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री के दौरान भी किसानों को ऐसी ही परेशानी का सामना करना पड़ा था, इसके बावजूद बैंक ने अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की। किसानों के परेशान होने पर शाखा प्रबंधक आशीष मिश्रा ने बताया कि बैंक के वरिष्ठ अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर हैं और जल्द ही किसानों को सुविधायुक्त जगह पर स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि उन्हें इंतजार के दौरान दिक्कत न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *