किसानों को मिलेगी राहत:21 दिसंबर से 1.10 लाख किसानों के खातों में आएंगे 2 अरब 61 करोड़ रुपए

लंबे इंतजार के बाद बाड़मेर जिले के करीब 1.10 लाख किसानों के खातों में 2.61 अरब रुपए आने वाले है। रबी 2022 में मार्च में हुई ओलावृष्टि व बारिश से किसानों की रबी फसलों को जबरदस्त नुकसान हुआ था। 3 साल तक आदान-अनुदान राशि अटकी रही, लेकिन अब इसे रिलीज किया जाएगा। इसके लिए 16000 किसानों के लिए 82 करोड़ की किश्त रिलीज कर दी गई है, जबकि 179 करोड़ रुपए सरकार की ओर से 1-2 दिन में रिलीज किए जाएंगे। ये राशि 21 दिसंबर से सरकार किसानों के खातों में जमा करेगी। इससे पूर्व किसानों की संपूर्ण राशि का बजट जिलों को आवंटित किया जा रहा है, ताकि समय पर किसानों के खातों में यह राशि जमा की जा सके। हाल ही में गुड़ामालानी में किसानों की ओर से आंदोलन कर ट्रैक्टर मार्च निकाला गया था, जिसके बाद अब सरकार ने बाड़मेर जिले की अटकी संपूर्ण आदान-अनुदान राशि जारी करने का आदेश दिया है। इससे अब किसानों की झोली में अरबों रुपए आएंगे। 82 करोड़ रा​शि जारी, 179 करोड़ आज या कल में कर देंगे रिलीज बाड़मेर कलेक्टर टीना डाबी ने 4 दिसंबर को 2 आदेश और 5 दिसंबर को एक आदेश जारी कर करीबन 94 हजार किसानों के लिए 179 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। इसके बाद 10 दिसंबर को जिला प्रशासन ने राज्य सरकार ने 179 करोड़ रुपए राशि जारी करने की डिमांड की है, जो अब 1-2 दिन में रिलीज हो जाएगी। इसके अतिरिक्त 16000 किसानों के लिए 82 करोड़ रुपए राज्य सरकार की ओर से बजट बाड़मेर आपदा एवं राहत प्रबंधन को दे दिया है। इसके बिल बनाकर दे दिए गए हैं, अब यह राशि जल्दी ही किसानों के खातों में जमा हो जाएगी। पहली बार बढ़ी हुई अनुदान राशि मिलेगी अब तक आदान-अनुदान की राशि खरीफ फसल नुकसान पर अधि​कतम 13600 रुपए थी, जबकि रबी फसल नुकसान पर अधिकतम 27200 रुपए मिलते थे। 2023 से इस राशि को सरकार ने बढ़ा दिया। खरीफ फसल खराबे पर अधिकतम 2 हेक्टेयर तक 17 हजार रुपए और रबी फसल खराबे पर अधिकतम 2 हेक्टेयर तक 34000 रुपए मिलेंगे। रबी में प्रति हेक्टेयर 17 हजार और खरीफ में 8500 रुपए प्रति हेक्टेयर है। भास्कर ने उठाया था किसानों का मुद्दा भास्कर ने किसानों की आदान-अनुदान राशि को लेकर लगातार मुद्दा उठाया था। जिला प्रशासन के पोर्टल में सेंधमारी कर किसानों के खातों में बाहरी बैंक खाते और आईएफएससी कोड अपडेट करने को लेकर भी खबरें की थी। इसके अलावा सरकार की ओर से अनुदान राशि अटकाए जाने को लेकर भी मुद्दा उठाया था। हाल ही में गुड़ामालानी में किसानों की ओर आंदोलन किया गया, जिसके बाद प्रशासन ने 15 दिसंबर तक राशि किसानों के लिए रिलीज करने का आश्वासन दिया था। अब तक बाड़मेर जिला प्रशासन को 82 करोड़ रुपए मिले है, जबकि 179 करोड़ के बजट का इंतजार है। “रबी 2022 की आदान-अनुदान राशि के लिए 82 करोड़ रुपए राशि आवंटित हो गई है। 179 करोड़ रुपए की डिमांड सरकार को भेजी हुई है, उम्मीद है कि 1-2 दिनों में मिल जाएगी।” -राजेंद्रसिंह चांदावत, एडीएम, बाड़मेर।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *