किसानों को राहत मिलने की उम्मीद:बारिश से फसल नुकसान का आकलन शुरू, कलेक्टर ने मांगी रिपोर्ट

डीडवाना-कुचामन जिले में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। इस नुकसान को देखते हुए जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने तत्काल फसलों का आकलन करने और खराबा दर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने बताया कि जिला कलक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र में जाकर फसलों की स्थिति का निरीक्षण करने के आदेश दिए हैं। उन्हें प्रभावित क्षेत्रों की रिपोर्ट शीघ्र जिला मुख्यालय भेजने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर फसलों के नुकसान का आकलन करेंगी। इस आकलन के आधार पर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत प्रदान की जा सके। जिले के किसानों ने लगातार हो रही भारी बारिश से खेतों में पानी भर जाने और खरीफ फसलों के प्रभावित होने की शिकायत की थी। प्रशासन की इस पहल से अब किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *